कॉकरोच जनता पार्टी
(CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने बुधवार को ऐलान किया कि जंतर-मंतर में प्रदर्शन बहुत जल्द शुरू होने वाला है। उन्होंने कहा, 'बहुत से लोग इंस्टाग्राम पर कमेंट कर रहे थे कि 'जंतर-मंतर' का सीजन 2 कब शुरू होगा? मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि 'जंतर-मंतर' का सीजन 2 बहुत जल्द शुरू होने वाला है।' इसके अलावा अभिजीत दिपके ने आरोप लगाया कि दिल्ली में उन्हें मीटिंग की खातिर हॉल नहीं मिल रहा है। हॉल वालों को धमकाया और डराया जा रहा है। बीजेपी देश के युवाओं से डर गई है।
अभिजीत दिपके ने मीडिया से बातचीत में बुधवार को बताया कि दिल्ली में वॉलटियर्स की मीटिंग होनी थी। लेकिन उन्हें हॉल नहीं मिला। बड़ी मुश्किल से एक हॉल मिला था, लेकिन उन्हें डराया और धमाकाया गया। ऐन वक्त वह बुकिंग भी कैंसिल कर दी गई।
यह भी पढ़ें: गुटखा और तंबाकू पर लगा एक साल का बैन, लाने और ले जाने पर भी होगा एक्शन
'हमको कोई हॉल नहीं दे रहा'
दिपके ने कहा, 'आज दिल्ली में हमारे वॉलंटियर्स की मीटिंग होनी थी। हम हॉल चाहते थे, लेकिन किसी ने हमें हॉल नहीं दिया। सभी लोग कह रहे हैं कि ऊपर से प्रेशर है। हम कॉकरोच जनता पार्टी वालों को हॉल नहीं दे सकते। ऐसे 10 जगहों पर हम गए। सभी जगह पर हमें एक ही चीज बताई गई कि हम आपको हॉल नहीं दे सकते, क्योंकि कॉकरोच जनता पार्टी वालों को हम हॉल देंगे तो हमारे लिए तकलीफ हो जाएगी। हमें ऊपर से धमकियां मिल रही हैं।'
'लोगों को डराया-धमकाया जा रहा'
दिपके ने आगे कहा, 'बड़ी मुश्किल से एक हॉल मिला था, लेकिन आज सुबह इनको भी धमकी दी गई। इनको बोला गया कि अगर आप यहां कॉकरोच जनता पार्टी की मीटिंग होने देते हो तो आपको उल्टा लटकाया जाएगा। इस तरह से लोगों को डराया और धमकाया जा रहा है। हमें मीटिंग भी करने से रोका जा रहा है।'
यह भी पढ़ें: भूस्खलन के बाद घर पर गिर गया पहाड़ का हिस्सा, 3 बच्चों समेत 6 की मौत
हम डरने वाले नहीं: दिपके
उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब बीजेपी कर रही है। बीजेपी के लोग डरा और धमका रहे हैं। सीजेपी संस्थापक ने कहा, 'इससे साफ पता चल रहा है कि बीजेपी देश के युवाओं से डर रही है। हम उनसे कहने वाले हैं कि आप कितना भी डरा लो और कितनी भी धमकिया दो, हम डरने वाले नहीं है। यह आपकी बहुत बड़ी गलतफहमी होगी।'