कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री की एक्ट्रेस रान्या राव का नाम इन दिनों एक बड़े गोल्ड स्मगलिंग मामले में सामने आने के बाद चर्चा में है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की चार्जशीट में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं, जिनसे पता चलता है कि यह पूरा नेटवर्क किस तरह योजनाबद्ध तरीके से चलाया जा रहा था। जांच के अनुसार, रान्या राव ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर करोड़ों रुपये के सोने की तस्करी का संगठित कारोबार खड़ा कर लिया था।
मामले की शुरुआत मार्च 2025 में हुई जब डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने उन्हें बेंगलुरु एयरपोर्ट पर 14 किलो सोने के साथ गिरफ्तार किया। इस सोने की कीमत करीब 12.56 करोड़ रुपये आंकी गई थी। आगे की जांच में खुलासा हुआ कि मार्च 2024 से मार्च 2025 के बीच रान्या और उनके नेटवर्क ने 127 किलो से अधिक सोना भारत में तस्करी के जरिए पहुंचाया, जिसकी कुल कीमत 100 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई गई है।
यह भी पढ़ें: ईरान जंग में बेहाल एयर इंडिया! 2,500 उड़ानें रद्द, कंपनी को सताने लगी चिंता
युगांडा में लगा था 2 करोड़ रुपये का चूना
जांच में सामने आया कि शुरुआत में रान्या राव और उनके सहयोगी तरुण कोंडुरु राजू ने अफ्रीकी देशों से सीधे सोना खरीदने की योजना बनाई थी। इसके लिए उन्होंने 2023 में दुबई में 'वीरा डायमंड्स ट्रेडिंग LLC' नाम की कंपनी बनाई। युगांडा के एक एजेंट से संपर्क कर 5 किलो के ट्रायल और फिर 50 किलो के बड़े सौदे पर सहमति भी बनी। हालांकि, एडवांस पेमेंट देने के बावजूद उन्हें सोना नहीं मिला। बाद में और रकम की मांग की गई, जिससे यह साफ हो गया कि यह एक ठगी थी। इस पूरे मामले में उन्हें 2 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान उठाना पड़ा।
अफ्रीका में असफल रहने के बाद रान्या और उनके साथियों ने अपनी रणनीति बदली और दुबई के 'देइरा गोल्ड सूक' से सोना खरीदना शुरू किया। यहां अफ्रीकी मूल के डीलरों से नकद में सोना खरीदा जाता था। इसके बाद इस सोने को अलग-अलग तरीकों से भारत में तस्करी कर लाया जाता था और स्थानीय बाजार में बेचा जाता था।
यह भी पढ़ें: सुबह सर्दी, दिन में गर्मी फिर शाम को भी ठंड; आज कैसा रहेगा मौसम?
हवाला और कैश नेटवर्क से चलता था रैकेट
ED की जांच में यह भी सामने आया है कि पूरा नेटवर्क बेहद संगठित था। इसमें सोने की खरीद-फरोख्त, भारत में अवैध तरीके से लाना और फिर कैश के जरिए उसे खपाना शामिल था। कमाए गए पैसे को हवाला और बैंकिंग चैनलों के जरिए घुमाया जाता था ताकि जांच एजेंसियों से बचा जा सके। इस मामले में अब तक करीब 34 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। जांच एजेंसियां इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हैं और आने वाले समय में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।