दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े ड्रग्स और अवैध हथियार नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए खुशनुमा अंसारी उर्फ नेहा को गिरफ्तार किया है। नेहा को गैंग में ‘लेडी डॉन’ के नाम से जाना जाता है और वह कथित तौर पर गैंग के सक्रिय सदस्य बॉबी कबूतर उर्फ महफूज की गर्लफ्रेंड है। पुलिस के अनुसार, उसे ड्रग्स के साथ महिपालपुर फ्लाईओवर के पास से पकड़ा गया।
स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट ने इस कार्रवाई में बॉबी कबूतर और उसके दो सहयोगियों मोहम्मद राजी खान और शाहबाज को भी हिरासत में लिया है। चारों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि यह गिरफ्तारी गैंग के ड्रग्स और हथियार सप्लाई नेटवर्क की अहम कड़ी साबित हो सकती है।
ISI से भी है कनेक्शन?
बॉबी कबूतर लॉरेंस बिश्नोई और हाशिम बाबा गैंग को अवैध हथियार उपलब्ध कराने में मुख्य भूमिका निभाता था। वह कथित तौर पर हथियार तस्कर सलीम उर्फ ‘सलीम पिस्टल’ से हथियारों की खेप लेता था। सलीम पिस्टल को पहले ही नेपाल-भारत बॉर्डर से गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच में यह भी सामने आया था कि वह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़ा था।
यह भी पढ़ें: 30 रुपये की ज्यादा गैस पर बवाल, बीच-बचाव करने आए पड़ोसी की चाकू मारकर हत्या
सिद्धू मूसेवाला केस से क्या है कनेक्शन?
पुलिस के अनुसार, बॉबी कबूतर कई चर्चित आपराधिक मामलों में संदिग्ध भूमिका निभा चुका है। इनमें पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड, फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर फायरिंग, दिल्ली के नादिर शाह हत्याकांड और सीलमपुर डबल मर्डर जैसे मामले शामिल हैं। जांच में दावा किया गया है कि इन वारदातों में इस्तेमाल हुए हथियारों की सप्लाई चेन में बॉबी कबूतर की अहम भूमिका थी। सिद्धू मूसेवाला की मई 2022 में हुई हत्या से पहले रेकी करने में भी बॉबी के शामिल होने की बात सामने आई है। पु
लिस सूत्रों के मुताबिक, उसने मूसेवाला की गतिविधियों और यात्रा मार्ग की जानकारी जुटाकर हमलावरों तक पहुंचाई थी। इस सिलसिले में वह गैंगस्टर शाहरुख के संपर्क में था।
यह भी पढ़ें: मियां-बीवी निकले ड्रग तस्कर, दिल्ली बॉर्डर पर 7.5 करोड़ की हेरोइन संग गिरफ्तार
ब्यूटी पार्लर की आड़ में गैंग ऑपरेशन
पुलिस का कहना है कि नेहा उत्तर-पूर्वी दिल्ली में एक ब्यूटी पार्लर चलाती थी, जिसकी आड़ में गैंग की गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। जांच एजेंसियां ड्रग्स कनेक्शन के साथ-साथ गैंग की फंडिंग और ऑपरेशन में उसकी भूमिका की भी पड़ताल कर रही हैं। बताया जा रहा है कि बॉबी और नेहा पिछले सात वर्षों से जुड़े थे। हाल के महीनों में लॉरेंस बिश्नोई गैंग में महिला सदस्यों की सक्रियता बढ़ी है।
इससे पहले चंडीगढ़ की दीपा और जोया खान की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस का मानना है कि गैंग ने अपने नेटवर्क को विस्तार देने के लिए महिलाओं को भी जिम्मेदारी दी हैं। स्पेशल सेल अब आरोपियों से पूछताछ कर गैंग के पूरे नेटवर्क, फर्जी पहचान और ठिकानों की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में और खुलासे हो सकते हैं।