अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में भारत-म्यांमार सीमा के पास एक उग्रवादी हमले में असम राइफल्स का एक जवान शहीद हो गया। इसके साथ ही 4 अन्य जवानों के घायल होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह असम राइफल्स की पेट्रोलिंग टीम पर संदिग्ध उग्रवादियों ने हमला कर दिया था। अधिकारियों के मुताबिक, घटना सुबह करीब 6:30 बजे नम्पोंग सर्किल के तहत नम्पोंग नाला के पास हुई। उस समय 21 असम राइफल्स के जवान उस इलाके में गश्त कर रहे थे, जहां सीमा पर फेंसिंग का काम चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, पेट्रोलिंग टीम पर संदिग्ध उग्रवादियों ने गोलीबारी की। गोलीबारी में 42 साल के हवलदार जांगखोकाई कूकी की मौत हो गई। हमले में चार अन्य जवान घायल हुए हैं। घायल जवानों को इलाज के लिए ले जाया गया है। उनकी हालत को लेकर फिलहाल अपडेट सामने नहीं आया है।
यह भी पढ़ें: FCRA लाइसेंस दिलवाने के बदले मांगी रिश्वत, गृह मंत्रालय के दो अधिकारी गिरफ्तार
जांच में जुटी पुलिस
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद चांगलांग के पुलिस अधीक्षक किरली पाडू ने चांगलांग थाने के प्रभारी अधिकारी को मौके पर पूरी जानकारी जुटाने के निर्देश दिए। एसपी ने बताया कि पुलिस को भारत-म्यांमार सीमा पर हुई घटना की जानकारी मिली है और मामले से जुड़ी जानकारी इकट्ठा की जा रही है। फिलहाल हमले की पूरी परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
किसने किया हमला?
हमले के पीछे किस संगठन या समूह का हाथ है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। हालांकि, शुरुआती जांच और खुफिया रिपोर्टों से पता चलता है कि इस हमले के लिए नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नागालैंड का युंग आंग गुट(NSCN-K-YA) के उग्रवादी जिम्मेदार हैं। अधिकारियों ने साफ किया है कि हमलावरों की पहचान को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें: कीट नियंत्रण के लिए किसानों को मिलेगा 75% तक अनुदान, ऐसे मिलेगा योजना का लाभ
उग्रवादियों को पकड़ने की कोशिश
जिस इलाके में यह हमला हुआ वह इलाका भारत-म्यांमार सीमा के पास है और यहां सीमा फेंसिंग का काम भी चल रहा है। अधिकारियों के अनुसार, हमले के संबंध में अभी और जानकारी जुटाई जा रही है। इसके साथ ही हमले के बाद, भारतीय सेना और जिला पुलिस ने तुरंत इलाके की घेराबंदी की और भाग रहे उग्रवादियों को पकड़ने के लिए आस-पास के जंगलों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया।