आतंकवाद के खिलाफ सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में केंद्र सरकार ने हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी को भी शामिल किया है। हालांकि अभी यह नहीं तय हुआ है कि उन्हें किस ग्रुप में रखा गया है। मगर ओवैसी ने कहा कि दुनिया के सामने पाकिस्तान को आतंकवाद के मामले में बेनकाब किया जाएगा। पड़ोसी मुल्क मानवता के लिए खतरा बन चुका है। दुनिया को पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादियों द्वारा निर्दोष नागरिकों की हत्याओं के बारे में भी बताना होगा। आगे यह भी कहा कि सरकार ने अभी तक उन्हें कूटनीतिक अभियान के बारे में विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं करवाई है।
ओवैसी ने कहा कि भारत पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद का एक बड़ा पीड़ित रहा है। पूरा देश देख रहा है कि वर्षों से हम पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद का शिकार रहे हैं। जनरल जिया-उल-हक के जमाने से यह सब तमाशा चल रहा है। लोगों का कत्लेआम देखा है। कंधार प्लेन हाईजैक में हमको जालिमों को छोड़ना पड़ा। 26/11 मुंबई हमला, पठानकोट, संसद हमला, उरी और पिछले साल वैष्णो देवी के पास सात पर्यटकों को मारा गया। इसके बाद पहलगाम हुआ है। यह सब दुनिया को बताना पड़ेगा।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस ने नहीं भेजा नाम, शशि थरूर के चयन से पार्टी क्यों हैरान
भारत में 20 करोड़ मुसलमान, दुनिया को बताना होगा
ओवैसी ने कहा कि भारत के साथ टकराव के बीच पाकिस्तान खुद को इस्लामिक देश के रूप में पेश करने की कोशिश में जुटा है। उसे आड़े हाथों लेना जरूरी है। यह उसका बकवास है। भारत में करीब 20 करोड़ मुसलमान रहते हैं, दुनिया को यह भी बताना होगा। पाकिस्तान डीप स्टेट और सेना का भारत को अस्थिर करना, सांप्रदायिक विभाजन को बढ़ावा देना और आर्थिक विकास को रोकना लक्ष्य है।
मानवता के लिए खतरा है पाकिस्तान
ओवैसी ने आगे कहा कि भारत को पाकिस्तान की चाल को उस वक्त ही समझ लेनी चाहिए था, जब उसने 1947 में जम्मू-कश्मीर में कबायली हमलावरों को भेजा था। पाकिस्तान तब से यह तमाशा कर रहा है, आगे भी ऐसा करेगा। वह रुकने वाला नहीं है। मगर पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत का धैर्य जवाब दे गया। पाकिस्तान मानवता के लिए खतरा बन चुका है। वह आतंकवादियों को हथियार, प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता पहुंचा रहा है।
ओवैसी ने कहा कि यह किसी पार्टी से संबद्धता के बारे में नहीं है। विदेश जाने से पहले हम एक बैठक करेंगे। मैं इस जिम्मेदारी को अच्छी तरह से निभाने की पूरी कोशिश करूंगा। मुझे जानकारी मिली है कि मैं जिस ग्रुप में हूं, उसका नेतृत्व मेरे अच्छे दोस्त बैजयंत पांडा करेंगे। मुझे लगता है कि इस समूह में निशिकांत दुबे, फांगनॉन कोन्याक, रेखा शर्मा, सतनाम सिंह संधू और गुलाम नबी आजाद होंगे। यह भी लगता है कि हम लोग फ्रांस, बेल्जियम, जर्मनी, इटली और डेनमार्क का दौरा करेंगे।
यह भी पढ़ें: 300 महिलाओं की वीरता की गवाही देता भुज एयरबेस, जहां पहुंचे राजनाथ सिंह
रहीम यार खान बेस पर कसा तंज
ओवैसी ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर पर भी हमला बोला। पूछा कि क्या वे अपने रहीम यार खान एयरबेस पर चीन से लीज पर मिले विमान उतार पाएंगे। बता दें कि पाकिस्तान के रहीम यार खान एयरबेस पर भारतीय वायुसेना ने बड़ा हमला किया था। यहां रनवे पर एक बड़ा सा तालाब बन चुका है। इसके अलावा 10 अन्य एयरबेस पर भी भारत ने मिसाइलें दागीं। वायुसेना ने सबसे पड़ा प्रहार राजधानी इस्लामाबाद के नजदीक नूर खान एयरबेस पर किया। भारतीय सेना के मुताबिक पाकिस्तान के कुछ लड़ाकू विमानों को भी मार गिराया गया है।