देश के मौसम में एक साथ कई बदलाव देखने को मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, एक तरफ हिमालयी क्षेत्रों में अगले चार दिनों तक भीषण गर्मी का असर दिखेगा और पारा सामान्य से 8-10°C ज्यादा रह सकता है, जिसके बाद इसमें थोड़ी गिरावट देखने को मिलेगी। वहीं दूसरी तरफ 9 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके असर से पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी और मैदानी इलाकों में तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
मैदानी इलाकों की बात करें तो उत्तर और मध्य भारत में अगले कुछ दिनों में गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। जानकारों के मुताबिक, सप्ताह के अंत तक उत्तर-पश्चिमी राज्यों में पारा 5-7°C और मध्य भारत में 4-6°C तक नीचे गिर सकता है, जिससे लोगों को बढ़ती गर्मी से थोड़ी शांति मिलेगी।
यह भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस के बाद भारत, बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन क्यों हो रहा?
इन राज्यों में बारिश और आंधी
पूर्वी भारत में 7 से 9 मार्च के बीच ओडिशा में तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने के आसार हैं। इसके अलावा झारखंड, पश्चिम बंगाल और बिहार में भी 8 से 11 मार्च के दौरान धूल भरी आंधी और छिटपुट बारिश हो सकती है।
पूर्वोत्तर और पहाड़ी राज्य जैसे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में 7 से 12 मार्च तक रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी जारी रह सकती है। वहीं, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 9 मार्च के बाद मौसम बिगड़ सकता है।
कहां चलेगी लू?
गर्मी का अलर्ट: राहत की खबरों के बीच कुछ इलाकों में लू का प्रकोप भी दिखेगा। हिमाचल प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान और गुजरात के कुछ हिस्सों में 7 से 10 मार्च के दौरान हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है।
तटीय इलाकों जैसे ओडिशा और गुजरात के समुद्री तटों पर अगले दो दिनों तक गर्मी के साथ उमस वाला मौसम परेशान करेगा।
यह भी पढ़ें: पंजाब में एक और सरपंच की हत्या, थार से जाना जिदंगी पर पड़ा भारी
बाकी राज्यों का हाल
आने वाले 7 दिनों में महाराष्ट्र और गुजरात में तापमान 2-3°C तक बढ़ सकता है। उत्तर-पूर्व भारत में भी शुरुआती तीन दिनों के बाद पारा गिरना शुरू होगा। राहत की बात यह है कि देश के बाकी हिस्सों में मौसम में कोई बहुत बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है।