मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह इन दिनों उज्जैन से अयोध्या तक की यात्रा निकाल रहे हैं। इस 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' को सिर्फ 3 दिन हुए हैं लेकिन अब यह विवादों में आ गई है। इस यात्रा में बच्चों से नारे लगवाने के मामले पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने संज्ञान लिया है। NHRC ने इस बारे में मध्य प्रदेश सरकार को एक नोटिस भेजा है। NHRC ने मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को कहा है कि वे इस मामले में जांच करें और कार्रवाई के बारे में 2 हफ्ते के अंदर सूचना दें।
NHRC की ओर से जारी नोटिस मध्य प्रदेश सरकार के साथ-साथ केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के सचिव को भी भेजा गया है। उस केस में उनसे भी जवाब मांगा गया है। मध्य प्रदेश के DGP और चीफ सेक्रेटरी को जारी नोटिस में कहा गया है कि वे इसकी जांच करके 2 हफ्ते में बताएं कि क्या कार्रवाई की जाए।
यह भी पढ़ें: 'RSS, VHP का विरोधी...', क्या है दिग्विजय की उज्जैन से अयोध्या यात्रा का प्लान?
बता दें कि 3 दिन पहले शुरू हुई यह यात्रा अभी मध्य प्रदेश में ही है। गुरुवार को की गई सोशल मीडिया पोस्ट के मुताबिक, यह यात्रा का तीसरा दिन था और उज्जैन के तराना नगर में विश्राम हुआ। आने वाले दिनों में यह यात्रा मध्य प्रदेश के बाद उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी और उत्तर प्रदेश के अयोध्या तक जाएगी।
क्या है विवाद?
वायरल हुई तस्वीरों और वीडियो में देखा जा सकता है कि दिग्विजय सिंह की इस यात्रा में बच्चे भी शामिल हुए। कुछ तस्वीरों में देखा जा सकता है कि बच्चों के हाथ में तख्तियां है जिन पर नारे लिखे हैं। दिग्विजय सिंह की टीम की ओर से ही पोस्ट किए गए एक वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ नाबालिग बच्चे और बच्चियां नारे लगा रहे हैं। ये नारे हैं, 'चंदा चोर कहां मिलेगा बीजेपी के दफ्तर में। वोट चोर कहां मिलेगा- बीजेपी के दफ्तर में। किसानों की मदद कौन करेगा- राजा साहब, राजा साहब। रानी तुम संघर्ष करो- हम तुम्हारे साथ हैं।'
यह भी पढ़ें: 2018 में मिली थी कामयाबी, अब उज्जैन से अयोध्या तक क्या साध रहे हैं दिग्गी राजा?
गुरुवार यानी 22 अक्तूबर को अपलोड किए गए इस वीडियो में देखा जा सकता है कि यह नारेबाजी दिग्विजय सिंह की पत्नी अमृता राय के सामने ही लगाए जा रहे थे लेकिन उन्होंने भी बच्चों के नारे लगाने पर कोई एतराज नहीं जताया है। तस्वीरों में भी देखा जा सकता है कि यही बच्चे नारों वाली तख्तियां लेकर अमृता राय के साथ खड़े हैं।
बता दें कि दिग्विजय सिंह मध्य प्रदेश के गुना जिले की राघोगढ़ के राज परिवार से आते हैं। इसीलिए उनके समर्थक अक्सर उन्हें 'राजा साहब' कहकर बुलाते हैं। इन वीडियो में देखा जा सकता है कि दिग्विजय सिंह के लिए भी इसी तरह के नारे लगाए जा रहे हैं।