अरब सागर में पाकिस्तान नौसेना का एक जहाज भारतीय युद्धपोत से टकरा गया। भारत ने पाकिस्तान नौसेना की इस हरकत को गैर-पेशेवर और अस्वीकार्य आचरण बताया। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान के दूतावास प्रभारी को बुधवार को तलब किया।
विदेश मंत्रालय ने इस्लामाबाद स्थित भारतीय दूतावास प्रभारी को भी पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के सामने विरोध दर्ज कराने को कहा है। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान नौसेना का युद्धपोत युद्धपोत पीएनएस सुनैंन ने यह टक्कर मारी है। यह जहाज पाकिस्तान नौसेना के यारमूक क्लास का तटीय गश्ती पोत है।
यह भी पढ़ें: अब भारत पर 100% टैरिफ क्यों लगा सकता है अमेरिका? समझिए पूरी बात
घटना 15 सितंबर 2026 की शाम की है। भारतीय नौसेना का एक फ्रंटलाइन युद्धपोत उत्तरी अरब सागर में निगरानी मिशन पर था। तभी पाकिस्तानी जहाज तेज रफ्तार में आया और गैर-पेशेवर व असुरक्षित तरीके से हरकतें कीं। इससे दोनों जहाजों में भिड़ंत हो गई। अभी तक किसी के नुकसान की सूचना नहीं है।
घटना के बाद नई दिल्ली में पाकिस्तान के हाई कमीशन के 'चार्ज डी अफेयर्स' को विदेश मंत्रालय ने तलब किया। उनके सामने पाकिस्तानी नौसेना की इकाइयों के अस्वीकार्य और गैर-पेशेवर व्यवहार पर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि भले ही इस भिड़ंत से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन यह 1991 में भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य अभ्यास, युद्धाभ्यास और सैनिकों की आवाजाही के बारे में पहले से सूचना देने के समझौते से जुड़े अनुच्छेद 10 का उल्लंघन है।
यह भी पढ़ें: हादसे की कवरेज कर रहा था न्यूज चैनल का हेलीकॉप्टर, क्रैश हुआ और 3 की हुई मौत
विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान दूतावास के प्रभारी से कहा कि वह संबंधित पाकिस्तानी अधिकारियों तक भारत की आपत्ति पहुंचाएं। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी सैन्य यूनिटों को नियमों का पूरी तरह पालन करें और दोनों देशों के बीच हुए प्रासंगिक समझौतों के प्रावधानों का सम्मान करना चाहिए।