दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट के दौरान प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी
पर अभद्र टिप्पणी करने वाली वायरल लड़की के सिर से अभी तक FIR वापस नहीं हुई है।
कॉकरोच जनता पार्टी
(CJP) ने दावा है कि लड़की ने माफी मांग ली है और प्रधानमंत्री मोदी ने भी उसे माफ कर दिया है, बावजूद इसके लड़की के खिलाफ दर्ज FIR अभी तक वापस नहीं ली गई है। CJP की कानूनी टीम की प्रभारी और वकील रत्ना सिंह ने बताया कि उन्होंने लड़की की मां से बात की। मां का कहना है कि माफी मांगने के बाद भी मीडिया लगातार उनके परिवार से सवाल कर रहा है। इस वजह से परिवार बहुत ज्यादा परेशान है।
रत्ना सिंह ने कहा कि CJP की ओर से परिवार को भरोसा दिलाया गया है कि लड़की को कानूनी मदद और जरूरत पड़ने पर काउंसलिंग भी उपलब्ध कराई जाएगी। बता दें कि नोएडा में लड़की के खिलाफ जीरो FIR दर्ज हुई, जिसे बाद में दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने भेज दिया गया।
लड़की ने मांग ली थी माफी
हाल ही में लड़की ने वीडियो जारी कर कहा कि वह प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों के बहकावे में आ गई थी और उसने प्रधानमंत्री के खिलाफ गलत बातें कही थीं। उसने वीडियो में इसे अपनी 'पहली और आखिरी गलती' बताते हुए देश और प्रधानमंत्री से माफी मांगी। लड़की ने कहा ‘मैं सिर्फ 15 साल की हूं, यह मेरी पहली और आखिरी गलती थी। मैं बहकावे में आ गई थी।’ सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लड़की हाथ जोड़कर अपने बयान पर माफी मांगती नजर आ रही है। लड़की ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ कनॉट प्लेस घूमने गई थी। वहां छात्र प्रदर्शन चल रहा था और आसपास मौजूद कुछ लोग PM के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगा रहे थे। मैं उसी माहौल और भीड़ के बहकावे में आ गई।
PM मोदी ने क्या कहा था?
दूसरी ओर PM मोदी ने शुक्रवार रात इंस्टाग्राम पर एक रील शेयर करते हुए कहा, ‘मुझे और मेरी मां को भद्दी-भद्दी गालियां देने वाले बच्चों को माफ करना चाहता हूं। PM मोदी ने कहा कि जंतर-मंतर पर न सिर्फ उन्हें, बल्कि उनकी दिवंगत मां के लिए भी अपशब्द कहे गए, जिससे उन्हें दुख पहुंचा। फिर भी उन्होंने कहा कि ये 'भटके हुए बच्चे' हैं और इन्हें सही रास्ता दिखाने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से इन बच्चों को माफ करने की अपील भी की थी।
PM मोदी का यह वीडियो सामने आने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर
अभिजीत दीपके
ने शनिवार को पूछा, ‘क्या सरकार केस भी वापस लेगी?’ इसके अलावा, लड़की की मां ने भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने उनकी बेटी को माफ करके जीवनदान दिया है। मां ने कहा कि यह उनकी बेटी के लिए सबसे बड़ा उपहार है और वह इसके लिए प्रधानमंत्री की आभारी हैं।