logo

ट्रेंडिंग:

'कांग्रेस ने इतना बुरा किया, 11 साल की मेहनत के बाद भी बहुत कुछ करना बाकी'

असम में पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने खाद कारखानों को बंद किया। हमारी सरकार ने कई प्लांटों को शुरू किया है। कांग्रेस के शासन में खाद की लाइन लगती थी और पुलिस किसानों पर लाठी बरसाती थी।

PM Modi in Assam

असम में जनसभा को संबोधित करते पीएम मोदी। (Photo Credit:@BJP4India)

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

असम के डिब्रूगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक जनसभा में कांग्रेस पर खाद कारखानों को बर्बाद करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस द्वारा बिगाड़े गए हालत को हमारी सरकार एड़ी चोटी का जोर लगाकर सुधारने में जुटी है। 11 साल की मेहनत के बाद अब भी बहुत काम करना बाकी है। रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के डिब्रूगढ़ जिले में 10,601 करोड़ रुपये की लागत के अमोनिया-यूरिया प्लांट की आधारशिला रखी।

 

जनसभा में पीएम मोदी ने कहा, 'बीजेपी की डबल इंजन सरकार में उद्योग और कनेक्टविटी की जुगलबंदी असम के सपनों को पूरा कर रही है। हमारे युवाओं को नए सपने देखने का हौसला दे रही है। विकसित भारत के निर्माण में देश के किसानों की बहुत बड़ी भूमिका है। इसलिए हमारी सरकार किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए दिन रात काम कर रही है। आप सभी को किसान हितैषी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।'

 

यह भी पढ़ें: 'कांग्रेस ने पहले घुसपैठियों को बसाया, अब बचा भी रही', असम में बोले पीएम मोदी

नॉर्थ ईस्ट के खेतों की ताकत था नम्रूप

पीएम मोदी ने बताया कि जब असम में खाद का उत्पादन होगा तो आपूर्ति तेज होगी और लॉजिस्टिक का खर्चा घटेगा। नम्रूप की यह यूनिट रोजगार और स्वरोजगार के अनेक अवसर बनाएगी। पीएम मोदी ने जनता से पूछा कि किसान हितैषी योजनाओं पर काम बीजेपी सरकार के आने के बाद ही क्यों हुआ? हमारा नम्रूप तो दशकों से खाद उत्पादन का केंद्र रहा है। एक समय था, जब यहां बनी खाद से नॉर्थ ईस्ट के खेतों को ताकत मिलती थी। किसानों की फसलों को सहारा मिलता था। जब देश के कई हिस्सों में खाद की आपूर्ति चुनौती बनी, तब भी नम्रूप किसानों के लिए उम्मीद बना रहा।'

कांग्रेस ने बदलती तकनीक पर ध्यान नहीं दिया: पीएम मोदी 

पीएम मोदी ने कारखानों को बंद होने के पीछे की वजह भी बताई। उन्होंने कहा, पुराने कारखानों की तकनीक समय के साथ पुरानी होती गई। कांग्रेस की सरकारों ने कोई ध्यान नहीं दिया। नतीजा यह हुआ कि नम्रूप प्लांट की कई यूनिट इसी वजह से बंद हो गईं। देश और नॉर्थ ईस्ट के किसानों को तकलीफ हुई। मगर कांग्रेस वालों ने इस समस्या का कोई हल ही नहीं निकाला। आज हमारी डबल इंजन सरकार कांग्रेस द्वारा पैदा की गई उन समस्याओं का समाधान कर रही है। 

 

किसानों पर लाठी बरसाती थी पुलिस

पीएम ने आगे कहा कि असम की तरह देश के अन्य राज्यों में भी खाद की कितनी ही फैक्ट्रियां बंद हो गई हैं। तब किसानों के क्या हालत थे? यूरिया के लिए किसानों को लाइन पर लगना पड़ता है। पुलिस लाठी बरसाती थी। कांग्रेस ने जिन हालातों को बिगाड़ा था, हमारी सरकार उन्हें सुधारने में ऐड़ी चोटी की ताकत लगा रही है। उन्होंने (कांग्रेस) इतना बुरा किया कि 11 साल की मेहनत के बाद अब भी मुझे बहुत कुछ करना बाकी है।

 

यह भी पढ़ें: जावेद अख्तर ने मुफ्ती शमाइल नदवी से ऐसा क्या कहा कि लोग उखड़ गए?

'कांग्रेस ने खाद फैक्ट्रियां बंद कीं, हमने कई प्लांट शुरू किए'

पीएम मोदी दावा किया कि कांग्रेस के दौर में खाद फैक्ट्रियां बंद होती थी। हमारी सरकार ने गोरखपुर, सिंदरी, बरौनी, रामागुंडम जैसे अनेक प्लांट शुरू किए हैं। इस क्षेत्र में प्राइवेट सेक्टर को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। आज इसी का नतीजा है कि हम यूरिया के क्षेत्र में आने वाले कुछ समय में आत्मनिर्भर हो सके, उस दिशा में मजबूती से कदम रख रहे हैं। 

खाद के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने का लक्ष्य

पीएम मोदी ने जनता के सामने आंकड़े भी रखे और बताया कि 2014 में देश में सिर्फ 225 लाख मीट्रिक टन यूरिया का उत्पादन होता था। पिछले 11 साल की मेहनत में हमने उत्पादन 306 लाख मीट्रिक टन तक पहुंचाया। अभी यहां रुकना नहीं है। अभी बहुत कुछ करना बाकी है। देश को अभी हर साल 380 लाख मीट्रिक टन की जरूरत पड़ती है। हम इस गैप को भरने में कोई कमी नहीं रखेंगे।

 

 


और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap