भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को नाइजीरिया की राजधानी अबुजा पहुंचे। उन्होंने तीन देशीय दौरे की शुरुआत सबसे पहले अबुजा से की है। नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टिनुबू ने अबुजा एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी को अबुजा शहर की 'KEY OF THE CITY' देकर सम्मानित भी किया। पीएम मोदी 17 वर्षों में इस पश्चिमी अफ्रीकी देश की यात्रा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बन गए हैं।
एक्स पर पीएम मोदी का धन्यवाद
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर राष्ट्रपति टिनुबू और नाइजीरिया की जनता का दिल से धन्यवाद किया। उन्होंने एक तस्वीरें पोस्ट शेयर कर लिखा, 'धन्यवाद, राष्ट्रपति टिनुबू। कुछ समय पहले नाइजीरिया में उतरा। इस गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभारी हूं। आशा है कि यह यात्रा हमारे दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय मित्रता को और गहरा करेगी। हवाई अड्डे पर भारतीय समुदाय ने भी प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने ट्वीट किया, 'नाइजीरिया में भारतीय समुदाय द्वारा इस प्रकार का गर्म और जीवंत स्वागत देखकर दिल खुश हो गया!'
नाइजीरिया में मराठी समुदाय ने किया स्वागत
नाइजीरिया में मराठी समुदाय द्वारा मिले स्वागत पर पीएम मोदी ने लिखा, 'नाइजीरिया में मराठी समुदाय ने मराठी को शास्त्रीय भाषा का दर्जा दिए जाने पर खुशी जताई। यह वाकई सराहनीय है कि वे अपनी संस्कृति और जड़ों से जुड़े हुए हैं।'
तीन देशीय दौरे पर पीएम मोदी
जानकारी के लिए बता दें कि पीएम मोदी 16 से 21 नवंबर तक तीन देशों का दौरा करेंगे। इस दौरे की शुरुआत उन्होंने नाइजीरिया से की है। इसके बाद पीएम मोदी ब्राजील में जी-20 नेताओं के शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। दौरे का समापन वह गुयाना से करेंगे जो की पिछले 50 सालों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा होगी।