प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी
गुजरात के एकता नगर स्थित परेड ग्राउंड में मौजूद हैं। आज यानी 31 अक्टूबर को यहां सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर परेड का आयोजन किया जा रहा है। इससे पहले, पीएम मोदी ने परेड ग्राउंड पर पहुंचकर समारोह में मौजूद लोगों को देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।
इसके साथ ही उन्होंने राज्य पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) के मार्चिंग दस्तों की परेड देखी। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय ने 'नक्सल मुक्त भारत' पर विशेष नाटक पेश किया। इसमें नक्सल प्रभावित 126 जिलों के करीब 2,000 कलाकारों ने हिस्सा लिया और इन इलाकों के संघर्ष से शांति व विकास तक के सफर को दिखाया।
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी के साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी मौजूद थे। कार्यक्रम में जवानों ने भारतीय मार्शल आर्ट की विभिन्न विधाओं का प्रदर्शन किया। करीब 5,000 कलाकारों ने देश के अलग-अलग राज्यों की सांस्कृतिक परंपराओं को प्रस्तुत किया। इसका उद्देश्य 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' की भावना को प्रदर्शित करना था।
'नक्सल मुक्त भारत' पर बना नाटक देखा
समारोह में BSF, CRPF और अन्य सुरक्षा बलों के जवानों ने परेड में हिस्सा लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में शामिल पुलिस और सशस्त्र बलों के जवानों को सैल्यूट किया। परेड में सुरक्षा बलों के अनुशासन, साहस और देश की आंतरिक सुरक्षा में उनके योगदान को प्रदर्शित किया गया।
यह भी पढ़ें: उमर अब्दुल्ला और पत्रकार निधि राजदान ने की शादी, वायरल हुईं तस्वीरें
राष्ट्रीय एकता दिवस की परेड में 'नक्सल मुक्त भारत' का संदेश भी प्रमुखता से दिखाया गया। नक्सलबाड़ी से शुरू होकर देश के कई हिस्सों तक फैले नक्सलवाद की कहानी को नाट्य प्रस्तुति के जरिए दर्शाया गया। इसमें बताया गया कि किस तरह नक्सलवाद का प्रभाव बढ़ा और छत्तीसगढ़ का बस्तर क्षेत्र लाल गलियारे का प्रमुख केंद्र बन गया। प्रस्तुति में नक्सलवाद से प्रभावित इलाकों और वहां सुरक्षा बलों के अभियान को भी दिखाया गया। इस साल समारोह की थीम 'वंदे मातरम्' रखी गई। परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए देश की एकता, अखंडता और विविधता का संदेश दिया गया।
यह भी पढ़ें: 'आइए, बिहार में निवेश करिए', आनंद महिंद्रा ने की तारीफ, CM सम्राट ने दिया न्योता
'एक भारत श्रेष्ठ भारत'
गुजरात के एकता नगर में शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर भव्य परेड का आयोजन किया गया। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 15 झांकियां शामिल की गईं। करीब 5,000 कलाकारों ने 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' की थीम पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए देश की एकता और सांस्कृतिक विविधता का संदेश दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री ने एकता नगर स्थित वामन वृक्ष वाटिका का भी दौरा किया। उन्होंने यहां मौजूद बोनसाई के संग्रह, थीम आधारित गार्डन और शांत वातावरण की तारीफ की।
मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि वामन वृक्ष वाटिका में 'मेक योर ओन बोनसाई' का अनुभव भी पर्यटकों के लिए उपलब्ध है। उनके मुताबिक, यह जगह प्रकृति की खूबसूरती और रचनात्मकता को करीब से समझने का अवसर देती है।