हाल ही में इंडिया AI इंपैक्ट समिट 2026 के दौरान AI कंपनियों के CEOs से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुलाकात की थी। इस मीटिंग में हेल्थ, कृषि, स्पेस और अन्य सेक्टर की कंपनियों के अधिकारी शामिल थे। पीएम मोदी ने इन लोगों से बात की और इनके इनोवेशन की तारीफ भी की। अब इन्हीं 16 लोगों में शामिल दो युवा चर्चा में आ गए हैं। इसकी वजह है कि इन दोनों के माता-पिता ने इस मुलाकात का जिक्र सोशल मीडिया पर किया। इनमें से एक युवा एक वरिष्ठ IAS अधिकारी का बेटा है और दूसरे NSE के CEO का बेटा है।
प्रधानमंत्री के कार्यालय यानी सेवा तीर्थ पर 20 फरवरी को हुई मीटिंग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा केंद्र सरकार के मंत्री जितिन प्रसाद, शक्तिकांत दास, पीके मिश्रा और तमाम कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इसमें Credo की CEO नवरीना सिंह, अदालत AI के CEO उत्कर्ष सक्सेना, रुबरिक के CEO बिपुल सिन्हा, EKa Care के फाउंडर और CEO विकल्प साहनी शामिल थे।
यह भी पढ़ें: शेयर मार्केट हिलाया, अब नौकरी छीनेगा, Anthropic का नया टूल ऐसा क्या कर सकता है?
दो बेटे कौन हैं?
पहला नाम है IAS अधिकारी अश्विनी भिड़े के बेटे और Origin Bio के CTO मल्हार भिड़े का। Origin Bio के को-फाउंडर और CTO मल्हार भिड़े भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस मीटिंग में शामिल हुए थे। इसकी जानकारी उनकी मां और IAS अधिकारी अश्विनी भिड़े ने खुद दी है। बेहद कम उम्र के मल्हार इस वजह से चर्चा में आ गए हैं क्योंकि वह एक छोटी कंपनी के CTO होने के साथ-साथ एक बड़ी और सीनियर अधिकारी के बेटे भी हैं।
मल्हार के पिता और अश्विनी भिड़े के पति सतीश भिड़े भी IAS अधिकारी रहे हैं और उन्होंने साल 2011 में यह सर्विस छोड़ दी थी। अश्विनी भिड़े मुंबई की 'मेट्रो वुमन' के नाम से मशहूर रही हैं। मौजूदा वक्त में वह मुंबई मेट्रो कॉर्पोरेशन की एमडी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री की अडिशनल चीफ सेक्रेटरी हैं।
यह भी पढ़ें: गलगोटिया यूनिवर्सिटी के ब्लंडर्स की पूरी कहानी, AI समिट से बाहर कैसे हुई?
दूसरा नाम Sypha.ai के फाउंडर शॉन चौहान का है। शॉन चौहान नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के CEO आशीष चौहान के बेटे हैं। आशीष चौहान ने भी पीएम मोदी से अपने बेटे की मुलाकात का जिक्र एक ट्वीट में किया था। शॉन चौहान अपने बारे में बताते हैं कि वह पहले न्यूयॉर्क में नौकरी करते थे लेकिन अब उसे छोड़कर Sypha.ai नाम का प्लेटफॉर्म बना रहे हैं जो AI कोडिंग एजेंट और AI ऐप्लिकेशन लेयर का काम करेगा।
क्या करती हैं ये कंपनियां?
शॉन चौहान की Sypha.ai कोडिंग एजेंट, ऐप्लिकेशन लेयर जैसे टूल्स तैयार करती है जो AI बेस्ड काम करते हैं। 15 मई 2025 को बनी यह कंपनी महारा्ट्र के मुंबई में 1 लाख रुपये की पेड़ अप कैपिटल के साथ रजिस्टर कराई गई है। आशीष चौहान की पत्नी यानी शॉन की मां इस कंपनी की डायरेक्टर हैं। कंपनी के दूसरे डायरेक्टर विट्ठलभाई मकवाना हैं।
मल्हार भिड़े की कंपनी Origin Bio जीन थेरेपी और सेल सेफ्टी से जुड़े काम करती है। यह कंपनी इन टूल्स के जरिए कैंसर के इलाज में मदद का दावा करती है। यह कंपनी Y कॉम्बिनेटर के साथ काम करती है। ये कंपनियां विदेश में रजिस्टर्ड हैं।