प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय पूर्वोत्तर दौरे पर हैं। प्रधानमंत्री आइजोल शहर में एक कार्यक्रम को संबोधित करने वाले थे लेकिन खराब मौसम की वजह से वह नहीं जा सके। अब उन्होंने एयरपोर्ट से ही बैराबी-सायरंग रेलवे लाइन समेत 9000 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन किया है। अब आइजोल, पहली बार देश के दूसरे हिस्सों से रेल नेटवर्क के जरिए जुड़ेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'लंबे समय से हमारे देश की कुछ राजनीतिक पार्टियां वोट बैंक पॉलिटिक्स कर रही हैं। जिन्होंने मिजोरम को अनदेखा किया, लेकिन आज मिजोरम फ्रंटलाइन में हैं। मिजोरम की भूमिका बड़ी है। हमारी नीति आर्थिक कॉरिडोर विकसित करना है।'
यह भी पढ़ें: असम: क्या चाहते हैं मोरान और कोच राजबोंगशी? मांग से आंदोलन तक की कहानी
खराब मौसम की वजह से शहर नहीं जा सके पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'मैं खूबसूरत नीले पहाड़ों की रक्षा करने वाले पथियन देवता को प्रणाम करता हूं। मैं मिजोरम एयरपोर्ट पर पहुंच गया हूं। खराब मौसम की वजह से आइजोल में आपसे मिल नहीं पा रहा। यहां मैं आपके प्यार को महसूस कर रहा हूं। आज मिजोरम भारत की विकास यात्रा में अहम भूमिका निभा रहा है। यह मिजोरम के लोगों के लिए ऐतिहासिक दिन है।'
भारत के रेल नक्शे से जुड़ा आइजोल
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'आज से आइजोल भारत के रेल नक्शे पर आ गया है। कुछ साल पहले मैंने आइजोर रेल लाइन की नींव रखी थी। आज हम इसे राष्ट्र को समर्पित कर रहे हैं। कई चुनौतियों को पार करते हुए, मुश्किल इलाके के बावजूद बैराबी-सैरंग रेल लाइन हकीकत बन गई। हमारे इंजीनियरों की स्किल और मजदूरों की मेहनत ने इसे संभव बनाया।'
यह भी पढ़ें: बम, बंदूक और ब्लॉकेड से कितना आगे निकल पाया नॉर्थ ईस्ट? पूरी कहानी
मिजोरम को अब मिलेंगे बेहतर साधन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'पहली बार मिजोरम के सायरंग से दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस सीधा जुड़ेगी। यह सिर्फ रेल लाइन नहीं, बल्कि बदलाव की लाइफलाइन है। इससे मिजोरम के लोगों की जिंदगी में क्रांति आएगी। उन्हें आजीविका के बेहतर साधन मिलेंगे। किसान और व्यापारी पूरे देश के बाजारों तक आसानी से पहुंच सकेंगे। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का बेहतर एक्सेस मिलेगा। इससे कई सेक्टर्स में नौकरियां पैदा होंगी।'
11 साल से पूर्वोत्तर के लिए काम कर रही है सरकार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'पिछले 11 सालों से हम पूर्वोत्तर के विकास पर काम कर रहे हैं। यह इलाका भारत का ग्रोथ इंजन बन रहा है। ईस्ट में कई राज्यों को रेल नक्शे पर लाया गया है। पहली बार ग्रामीण सड़कें, हाईवे, मोबाइल कनेक्टिविटी, इंटरनेट, बिजली, नल का पानी और एलपीजी कनेक्शन बढ़ाए गए हैं।'
यह भी पढ़ें: म्यांमार से FMR, नॉर्थ ईस्ट की चुनौती और तकरार की वजहें, पूरी कहानी
मिजोरम में जल्द शुरू होंगी हेलीकॉप्टर सेवाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'केंद्र सरकार ने हर तरह की कनेक्टिविटी मजबूत करने पर जोर दिया है। मिजोरम को उड़ान स्कीम से हवाई यात्रा का फायदा मिलेगा। जल्द ही यहां हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू होंगी, जिससे दूरदराज इलाकों तक पहुंच आसान हो जाएगी।'