प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी
ने छत्तीसगढ़ के बस्तर में सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दिवाली मनाई। इस मौके पर उन्होंने जवानों को देश की सुरक्षा में उनके योगदान और बलिदान के लिए धन्यवाद दिया। यहां प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार की दिवाली खास है, क्योंकि देश में नक्सलवाद के खिलाफ दशकों से चल रही लड़ाई में बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि यह पहली दिवाली है, जब देश का हर जिला नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अभी दिमागी नकस्ल देश के लिए एक बड़ा खतरा बने हुए हैं। उनके इस बयान पर कांग्रेस नेता
राहुल गांधी
ने एक बार फिर उन्हें बहस के लिए ललकारा है।
पीएम मोदी बस्तर के करनपुर स्थित CoBRA ऑपरेशंस बेस पहुंचे थे। यहां उन्होंने CRPF, CoBRA, BSF, ITBP और दूसरे सुरक्षा बलों के जवानों से मुलाकात की। इस दौरान पीएम ने कहा कि नक्सलवाद का खतरा अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। जंगलों से हथियारबंद नक्सलियों का सफाया हो चुका है, लेकिन अब दिमागी नक्सलियों से खतरा है।
यह भी पढ़ें: दीपावली के अगले एक-दूसरे को पत्थर क्यों मारते हैं लोग? हिमाचल में अनूठी परंपरा
पिछली सरकारों पर बरसे पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले एक साल में ड्यूटी के दौरान CRPF के किसी जवान की जान नहीं गई। यह सुरक्षा बलों के शौर्य, साहस और सरकार की सही नीतियों की जीत है। उन्होंने पिछली सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा, '2004 से 2013 तक हर साल नक्सलियों के मुकाबले हमारे ज्यादा जवान शहीद हुए। पिछली सरकारों ने नक्सलवाद को ऐसी बीमारी मान लिया था, जिसका कोई इलाज नहीं है।'
दिमागी नकस्लियों पर बोला हमला
पीएम मोदी ने कहा कि जंगलों में नक्सलवाद खत्म हो चुका है लेकिन अभी खतरा पूरी तरह टला नहीं है। उन्होंने कहा, 'जंगलों से हथियारबंद नक्सलियों का सफाया हो चुका है, लेकिन अब दिमागी नक्सलियों से खतरा है।' उन्होंने आगे कहा कि कई राजनीतिक दलों में और संस्थाओं में दिमागी नक्सल घुस गए हैं। उन्होंने कहा, 'दिमागी नक्सल आज भी देश के संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ लोगों को उकसा रहे हैं। कई राजनीतिक दलों में भी इन्होंने अपनी घुसपैठ कर ही है। हमें इन्हें पहचानना है और देश को सुरक्षित करना है।'
यह भी पढ़ें: बांग्लादेश लौटने के लिए शेख हसीना ने नए पासपोर्ट और ID क्यों मांगे? समझिए वजह
राहुल ने क्या कहा?
पीएम मोदी के इस बयान को शेयर करते हुए राहुल गांधी ने उन पर पलटवार किया है। राहुल ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा, 'प्रिय CRPF के जवानों, आपके चेहरों ने सब बता दिया है कि आपको प्रधानमंत्री के झूठ पर भरोसा नहीं। उन्होंने हमें नक्सली कहा। मेरी चुनौती कायम है। वह मुझसे बहस करें, देशद्रोही कौन है और विदेशी ताकतों के इशारे पर कौन चल रहा है। कोई भी समय, किसी भी जगह।' राहुल गांधी ने आगे कहा कि मेरी गारंटी है कि उस बहस के बाद प्रधानमंत्री में एक भी जवान के सामने खड़े होने की हिम्मत नहीं होगी।