logo

ट्रेंडिंग:

पुनीत खुराना सुसाइड केसः पत्नी मनिका ने सोशल मीडिया पर क्या लिखा था?

दिल्ली में एक कैफे चलाने वाले पुनीत खुराना की सुसाइड का मामला चर्चा में बना हुआ है। उनकी सुसाइड से 6 दिन पहले पत्नी मनिका पहवा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी लिखी थी।

puneet khurana manika pahwa

पुनीत खुराना और मनिका पहवा। (फोटो क्रेडिट- सोशल मीडिया)

राजधानी दिल्ली में कैफे चलाने वाले पुनीत खुराना के कथित सुसाइड केस में नए-नए खुलासे आ रहे हैं। पुनीत की सुसाइड के हफ्तेभर पहले उनकी पत्नी मनिका पहवा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखी थी। पुनीत और मनिका दिल्ली में वुडबॉक्स कैफे चलाते थे। दोनों के बीच तलाक की प्रक्रिया चल रही थी। पुनीत के परिवार वालों ने मनिका पर पुनीत को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। 


पुनीत खुराना 31 दिसंबर को कल्याण नगर इलाके में स्थित मॉडल टाउन में अपने कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। सोमवार को पुनीत ने फोन पर मनिका से फोन पर बात की थी और इसकी रिकॉर्डिंग भी की थी। फोन रिकॉर्डिंग में दोनों को बिजनेस के सिलसिले में झगड़ा करते हुए सुना जा सकता है।

मनिका ने पोस्ट में क्या लिखा था?

पुनीत की सुसाइड से 6 दिन पहले मनिका ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा था कि अब वो 'टॉक्सिक' और 'नार्सिसिस्ट एब्यूज' से उबर रही हैं और हर दिन को बेहतर बनाने की कोशिश कर रही हैं। 


मनिका ने लिखा था, 'मेरे लिए फेमिनिज्म ठीक है। फेमिनिज्म का मतलब है कि केवल एक-दूसरे की इज्जत करना। नौकरों जैसा बर्ताव नहीं। किसी लड़की को अपने मन की बात कहने से नहीं रोकना। यहां तक कि मेड, गार्ड, रिक्शावाला और छोटा बच्चा भी सम्मानजक व्यवहार का हकदार है। एक बार एक कायर ने मुझसे झगड़ते हुए कहा कि सम्मान कमाना पड़ता है। मैं इससे सहमत नहीं हूं। सम्मान हर किसी को देना होगा। शायद इसीलिए हम भारत में अजबियों को भी आप, भैया और दीदी कहकर बुलाते हैं।'


उन्होंने लिखा, 'मैं बस चाहती हूं कि दुर्व्यवहार करने वालों को किसी दिन आईना देखने को मिले और समझ आए कि दया, प्रेम, सम, विश्वास, बुद्धि और देखभाल असली गुण हैं और ये धन, संपत्ति और सोने से कहीं ज्यादा महत्व रखते हैं। भगवान निर्दयी लोगों को आशीर्वाद दें। मुझे पता है कि कोई भी नहीं बदल सकता है। बस प्रार्थना करें। कुछ असुरक्षित लोगों के कारण किसी और को कष्ट न हो।'

पुनीत के परिवार वालों ने क्या कहा?

पुनित के परिजनों ने मनिका पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पुनीत की बहन ने कहा, 'मनिका पहवा, उसके माता-पिता और उसकी बहन ने मेरे भाई को मजबूर किया। उस पर दबाव डाला। उसे ये कहकर उकसाया कि तुम कुछ नहीं कर सकते। अगर हिम्मत है तो सुसाइड करके मर जाओ।'


पुनीत ने सुसाइड से पहले एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जिसमें उन्होंने बताया कि कैसे मोनिका और उसके माता-पिता उन पर मानसिक रूप दबाव डाल रहे थे और उनके माता-पिता को बाहर निकालने के लिए धमका रहे थे।

समझौते के बाद भी दबाव बना रही थी मनिका!

पुनीत की बहन ने दावा किया कि कारोबार का बंटवारा हो गया था और मनिका फिर भी अपना हिस्सा मांग रही थी। उन्होंने कहा, 'वो पहले पार्टनरशिप में बेकरी का बिजनेस चलाते थे, लेकिन जब तलाक के प्रस्ताव पर हस्ताक्षर हुए तो तय हुआ और लिखित में भी दिया कि पुनीत फॉर गॉड्स बेकरी संभालेंगे और मनिका वुडबॉक्स कैफे का काम देखेंगी। उसके बाद भी वो कहती रही कि वो अपना हिस्सा नहीं छोड़ेगी। वो उसे बुलाती रही और अपना हिस्सा मांगती रही।'

पुनीत की मां ने क्या कहा?

पुनीत की मां ने भी दावा किया है कि मनिका उनके बेटे को प्रताड़ित करती थी और वो चुपचाप सहते रहे। उन्होंने कहा, 'दोनों बिजनेस करते थे, जिस कारण उनके बीच विवाद होता था। वो हमसे खुलकर कुछ नहीं कहता था। सोचता था कि हम परेशान हो जाएंगे। वो अपना दुख पीता रहा। मेरा बेटा अच्छा कर रहा था, लेकिन उसे इतना प्रताड़ित किया गया कि उसने ये कदम उठा लिया।'

2016 में हुई थी शादी

पुनीत और मनिका ने 2016 में शादी की थी। हालांकि, शादी के कुछ साल बाद ही अनबन शुरू हो गई थी। दोनों दो साल से अलग रह रहे थे। दोनों के बीच तलाक की प्रक्रिया चल रही थी। पुनीत के परिवार वालों ने मनिका और उसके परिवार वालों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap