राजधानी दिल्ली में त्रिपुरा के एक युवक के साथ नस्लभेदी टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अमीर शौकीन त्रिपुरा के रहने वाले युवक की पहचान और उसके राज्य का मजाक उड़ाते नजर आए थे। इस वीडियो को खुद केंद्रीय मंत्री
किरेन रिजिजू
ने पोस्ट कर मामले में कड़ी कार्रवाई की बात कही थी। मामले को तूल पकड़ते देख अमीर ने वीडियो को स्किप्टेड बता कर तुरंत माफी मांग ली और वीडियो डिलीट कर दिया। अब दिल्ली पुलिस ने अमीर शौकीन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
दिल्ली के सदर बाजार थाने में इन्फ्लुएंसर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 192, 196, 352 और 353 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक शौकीन पर पहले से भी कुछ आपराधिक मामले दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें: सऊदी अरब में फंसे 4000 उमराह यात्री, ओवैसी बोले- विशेष विमान भेजे भारत सरकार
क्या था पूरा मामला?
वायरल वीडियो में अमीर शौकीन त्रिपुरा के रहने वाले एक युवक की पहचान और उसके राज्य का मजाक उड़ाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में उन्होंने युवक को पर कई तरह की नस्लीय भेदी टिप्पणी की और उससे पूछा कि क्या वह कहां रहता है। जब युवक ने खुद को भारतीय बताया तब भी उसका मजाक उड़ाया गया। वीडियो सामने आते ही त्रिपुरा की राजनीति में हड़कंप मच गया और कई नेताओं ने अमीर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
बढ़ते बवाल और विरोध को देखते हुए अमीर शौकीन ने एक नया वीडियो जारी कर माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि यह वीडियो केवल मजाक के तौर पर बनाया गया था और पूरी तरह से स्क्रिप्टेड था। उन्होंने दावा किया कि वीडियो में दिख रहा युवक उनका परिचित है और उनके दोस्त के कैफे में काम करता है। शौकीन ने अपना पुराना वीडियो डिलीट करने की बात कहते हुए त्रिपुरा के लोगों और मुख्यमंत्री से माफी मांगी है। हालांकि लोगों का गुस्सा अभी थमा नहीं है।
यह भी पढ़ें: ‘इस शैतान को सजा जरूर मिलेगी’, त्रिपुरा के युवक से बदसलूकी, भड़के किरेन रिजिजू
माफीनामे के बावजूद कार्रवाई
मामले को गंभीरता से लेते हुए त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने राज्य पुलिस को दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा राज्य के अन्य विपक्षी दलों और छात्र संगठनों ने भी इस बयान को नफरत फैलाने वाला बताकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।