कांग्रेस सांसद और राहुल गांधी शेयर मार्केट में निवेश करने में काफी दिलचस्पी रखते हैं। उनके पास कई बड़े पोर्टफोलियों वाले इन्वेस्टमेंट हैं। शेयर मार्केट में राहुल गांधी इन्वेस्टमेंट करने के लिए सलाह लेते हैं। इस काम में उनकी मदद मुथुकृष्णन धंदापानी करते हैं। धंदापानी राहुल गांधी के निवेश सलाहकार हैं। ऐसे में धंदापानी ने रविवार को एक दिलचस्प किस्सा सुनाया, जिसका गांधी ने बेहतरीन जवाब दिया।
दरअसल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुथुकृष्णन धंदापानी ने अपनी निष्ठा बीजेपी की विचारधारा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का समर्थक बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि वह बीजेपी के कट्टर समर्थक हैं। इसके बाद भी वह पिछले 13 साल से राहुल गांधी का पोर्टफोलियो संभाल रहे हैं और उनके अलग विचारों के बाद भी राहुल ने उनके साथ अपना प्रोफेशनल रिश्ता खत्म नहीं किया।
देखिए मुथुकृष्णन धंदापानी ने राहुल गांधी को लेकर एक्स पर क्या लिखा...
'मैं कोई निजी जानकारी साझा नहीं करूंगा। बस यह बताना चाहता हूं कि धारणा और हकीकत कितनी अलग होती है। यह किसी राजनीतिक दल या नेता के समर्थन के लिए नहीं है। बस यह बताना चाहता हूं कि चीजें वैसी नहीं हैं जैसी दिखती हैं। 2013 में, मेरे एक क्लाइंट जो पेशेवर रूप से राहुल गांधी के लिए काम कर रहे थे, उन्होंने म्यूचुअल फंड निवेश संभालने के लिए मेरा नाम उनके सामने सुझाया था।'
राहुल के सलाहकार, मोदी के समर्थक
मुथुकृष्णन ने लिखा, '2013 से, जब UPA 2 सत्ता में थी, आज अब तक जब कांग्रेस के समर्थन से थलापति विजय ने शपथ ली, राहुल मेरे म्यूचुअल फंड निवेश के क्लाइंट बने हुए हैं। इस दौरान हमारे बीच कई मेल का आदान-प्रदान हुआ है और फोन पर भी कई बार बात हुई है। और जैसा कि आप जानते हैं, 2014 से 2024 तक मैं एक बड़े मोदी समर्थक रहा हूं। राहुल या उनके ऑफिस के स्टाफ ने कभी इस विषय को मेरे सामने नहीं लाया। मुझे पता है कि मेरे ट्वीट उनके स्टाफ नियमित रूप से देखते थे। वे मेरी प्रोफेशनल सेवा और राजनीतिक मान्यताओं के बीच साफ फर्क करते रहे। मैं लगातार हैरान रहा।'
'राहुल ने हर बार मुझे सम्मान दिया'
उन्होंने आगे बताया, 'राहुल से मेरी हर बातचीत में, उन्होंने मुझे सम्मान से संबोधित किया है और कभी भी घमंड जैसा व्यवहार नहीं दिखाया। मेरे बायो समर्थन के बारे में जानने के बावजूद, कुछ साल पहले तक उन्होंने एक प्रोफेशनल चुनने के लिए मेरा इनपुट लिया था। इस पोस्ट की वजह से राहुल हमारा प्रोफेशनल रिश्ता खत्म कर सकते हैं। ठीक है। हर चीज का एक दिन अंत होना ही है।'
पार्टी,मीडिया या IT सेल के कहने पर मत जाइए
मुथुकृष्णन ने आगे लिखा, 'यह पोस्ट इसलिए डालना चाहता था ताकि दिखा सकूं कि मेनस्ट्रीम मीडिया और पार्टियों की IT सेल किसी को पूरी तरह गलत कैसे दिखा सकती हैं। मजाक कैसे बना देती है। मैं राहुल गांधी को एक राजनेता के रूप में नहीं जानता। पिछले 14 सालों की बातचीत के आधार पर बस इतना कह सकता हूं कि वे प्रोफेशनल्स का बहुत सम्मान करते हैं और बातचीत के लिए एक अच्छे इंसान हैं। किसी भी पार्टी,मीडिया या IT सेल के कहने पर मत जाइए।'
राहुल गांधी का जवाब
मुथुकृष्णन धंदापानी की पोस्ट पढ़ने के बाद राहुल गांधी ने जवाब में मुस्कुराते हुए कहा, 'मुथु जी, आपके राजनीतिक विचार आपके अपने हैं, लेकिन प्लीज मेरे निवेश का रिटर्न जल्दी दीजिए।' राहुल गांधी के इस जवाब ने सोशल मीडिया पर लोगों का खूब ध्यान खींचा है।