देश में झमाझम बारिश का दौर अभी कुछ दिन और जारी रहेगा। पश्चिमी हिमालय, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। अगले दो दिनों में केरल के साथ तटीय और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में भी कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश का खतरा बना हुआ है।
बीते 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी मध्य प्रदेश, ओडिशा और केरल में बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल-सिक्किम, छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, झारखंड, तमिलनाडु, तटीय और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना, असम तथा नागालैंड में भारी बारिश हुई। दिल्ली और केरल के कई इलाकों में शनिवार को 17 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
यह भी पढ़ें: AC के चक्कर में एक ही कमरे में सोया था पूरा परिवार, बारिश में घर गिरा; 6 की मौत
दिल्ली से कश्मीर तक मौसम का हाल क्या?
उत्तर-पश्चिम भारत में जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 9 से 14 अगस्त तक कई जगहों पर बारिश होने वाली है। पूर्वी राजस्थान में भी इन दिनों अच्छी बारिश का अनुमान है। 10 से 12 अगस्त के बीच जम्मू-कश्मीर में, हिमाचल और उत्तराखंड में कई दिनों तक कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
पूर्वी राजस्थान और हिमाचल में 10-11 अगस्त, उत्तराखंड में 9-10 अगस्त को बहुत भारी बारिश का भी अलर्ट है। कुछ जगहों पर आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।
मध्य भारत में कैसा रहेगा मौसम?
पश्चिमी मध्य प्रदेश में 9 से 12 अगस्त तक और पूर्वी मध्य प्रदेश में 9 से 11 अगस्त तक अच्छी बारिश होने की उम्मीद है। छत्तीसगढ़ में 9 से 10 अगस्त तथा 12 से 14 अगस्त तक व्यापक बारिश का अनुमान है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 11-12 अगस्त और छत्तीसगढ़ में 8-9 अगस्त को कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। कई इलाकों में गरज के साथ छींटे और बिजली गिरने की भी संभावना है।
पूर्वी भारत का हाल क्या है?
पूर्वी भारत में अंडमान-निकोबार, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल-सिक्किम में 9 से 14 अगस्त तक काफी जगहों पर बारिश होने वाली है। बिहार में भी बाद के दिनों में अच्छी बारिश का अनुमान है। ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। तेज हवाएं चलने और गरज के साथ बारिश की भी चेतावनी दी गई है।
यह भी पढ़ें: बारिश में पकौड़े, समोसे खाने पर भी नहीं बढ़ेगा वजन, घर पर करें ये एक्सरसाइज
पूर्वोत्तर भारत में कैसा रहेगा मौसम?
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर,मिजोरम और त्रिपुरा में अगले कुछ दिनों तक अच्छी से व्यापक बारिश होने वाली है। असम और मेघालय में 13-14 अगस्त को कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश का खतरा है। कई इलाकों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है।
पश्चिम भारत में कैसा रहेगा मौसम?
पश्चिम भारत में कोंकण और गोवा में 9 से 14 अगस्त तक बारिश होने का अनुमान है। गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और सौराष्ट्र-कच्छ में कहीं-कहीं या कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। मध्य महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान की भी संभावना है।
दक्षिणी राज्यों में कैसा मौसम रहेगा?
दक्षिणी कर्नाटक में तेज बारिश हो सकती है। केरल और लक्षद्वीप में 8 से 14 अगस्त तक व्यापक बारिश होने वाली है। तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, रायलसीमा, तमिलनाडु और आंतरिक कर्नाटक में भी कई जगहों पर बारिश का अनुमान है। केरल, तटीय और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में 9 अगस्त को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने क्या चेतावनी दी है?
कई इलाकों में तेज हवाएं, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। मछुआरों के लिए अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। भारी बारिश से निचले इलाकों में जलभराव, भूस्खलन और फसलों को नुकसान का खतरा है। मौसम विभाग ने किसानों को खेतों से पानी निकालने और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।