देश के अधिकतर हिस्सों में मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। मौसम विभाग के अनुसार, लगातार दो पश्चिमी विक्षोभों के कारण आने वाले दो दिन पश्चिमी हिमालयी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में भी कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। विभाग ने कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है।
इसके बाद तीसरा पश्चिमी विक्षोभ 5 से 7 फरवरी के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है। वहीं, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कई इलाकों में 3 फरवरी तक और कुछ जगहों पर 5 फरवरी तक सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने की आशंका है।
यह भी पढ़ें: कौन हैं दीपक कुमार जिनकी राहुल गांधी ने कर दी तारीफ, बता दिया ‘हीरो’
कोहरा और बर्फबारी
पंजाब और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बहुत घना कोहरा छाया रहा, जहां विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रही। ओडिशा, हरियाणा, मध्य प्रदेश और मेघालय के कुछ हिस्सों में भी घना कोहरा रहा, जहां विजिबिलिटी 50 से 199 मीटर के बीच दर्ज की गई। सबसे कम विजिबिलिटी अमृतसर, बरेली (IAF), प्रयागराज (IAF) और कानपुर (IAF) में 0 मीटर रही। बिहार के गया में विजिबिलिटी 50 मीटर रही, जबकि लखनऊ, गोरखपुर और सुल्तानपुर जैसे कुछ शहरों में यह 90 से 100 मीटर तक रही।
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हुई। वहीं हरियाणा, पश्चिम उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भी कुछ इलाकों में बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई। उत्तराखंड में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक वाला तूफान आया।
कैसा रहा तापमान?
जम्मू-कश्मीर-लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में न्यूनतम तापमान 0 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। उत्तराखंड, उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाके, मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, झारखंड, असम, मेघालय, मिजोरम और मणिपुर में न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस रहा। देश के बाकी हिस्सों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। हालांकि, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में तापमान 0 डिग्री से नीचे रहा।
न्यूनतम तापमान में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम भारत में सामान्य से 3 से 5 डिग्री ज्यादा बढ़ोतरी देखी गई। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, असम, मेघालय और गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में तापमान सामान्य से 1 से 3 डिग्री अधिक रहा। देश के अन्य हिस्सों में तापमान सामान्य के आसपास बना रहा। भारत के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस अमृतसर (पंजाब) में दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें: रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग केस में तीन गिरफ्तार और दो हिरासत में
बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान
2 से 3 फरवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम खराब रह सकता है। इन इलाकों में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं भी चल सकती हैं।
2 फरवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 3 फरवरी को उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भी गरज-बिजली के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं। 2 फरवरी को मध्य महाराष्ट्र में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही 02 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
अगले तीन दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के ज्यादातर इलाकों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक धीरे-धीरे कम होगा। इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक धीरे-धीरे बढ़ेगा। इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।
छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना है। महाराष्ट्र में अगले चार दिनों तक न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक धीरे-धीरे बढ़ेगा। इसके बाद तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। देश के बाकी हिस्सों में भी न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।