logo

ट्रेंडिंग:

कभी अटैक, कभी मर्डर, कितने डरावने हैं मुंबई में क्राइम के आंकड़े?

सैफ अली खान पर हमला हुआ है। वो मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती हैं और खतरे से बाहर हैं। ऐसे में जानते हैं कि मुंबई में क्राइम पर आंकड़े क्या कहते हैं?

saif ali khan and salman khan

सैफ अली और सलमान खान। (File Photo Credit: PTI)

बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर अटैक हुआ है। चोरी करने के इरादे से घुसे एक शख्स ने सैफ पर चाकू से हमला कर दिया। सैफ को गर्दन, पीठ और हाथ में 6 जगह चाकू मारा गया था। फिलहाल सैफ मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती हैं और खतरे से बाहर हैं।


सैफ पर ये हमला बुधवार-गुरुवार की रात करीब 2.30 बजे हुआ था। अब तक की जानकारी के मुताबिक, हमलावर सीढ़ियों से घर में घुसा था और फिर सीढ़ी उतरकर ही बिल्डिंग से बाहर निकला। माना जा रहा है कि आरोपी चोरी करने के इरादे से घर में घुसा था। CCTV फुटेज में आरोपी सीढ़ी से उतरता हुआ दिख रहा है। उसने ब्राउन रंग की टीशर्ट और लाल रंग का गमछा पहना है। पुलिस का मानना है कि भागने से पहले आरोपी ने कपड़े बदल लिए होंगे।

मुंबई में बढ़ गए सेलेब्रिटीज पर हमले!

पिछले साल की ही बात है। 12 अक्टूबर को मुंबई में एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बाबा सिद्दीकी सिर्फ एक राजनेता ही नहीं थे, बल्कि बॉलीवुड में भी उनकी अच्छी पैठ थी। बाबा सिद्दीकी वही शख्स थे जिन्होंने बॉलीवुड के दो खान- सलमान और शाहरुख के बीच सुलह कराई थी। बॉलीवुड सेलेब्रिटीज की पार्टियों में उनका आना-जाना लगा रहता था। 


इससे पहले सलमान खान को लगातार लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से धमकियां मिल रहीं हैं। अप्रैल 2022 में उनके घर के बाहर गोलीबारी भी हुई थी। गोलीबारी के मामले में पुलिस ने जिन्हें गिरफ्तार किया था, वो लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े थे। पिछले साल ही अक्टूबर में सलमान को फिर लॉरेंस गैंग से धमकी मिली थी और 5 करोड़ की फिरौती मांगी गई थी। हाल ही में सलमान के गैलेक्सी अपार्टमेंट में बुलेटप्रूफ विंडो लगाने की तस्वीरें भी सामने आई थीं।


इतना ही नहीं, पिछले साल 7 नवंबर को शाहरुख खान को भी धमकी मिली थी। कथित तौर पर ये धमकी लॉरेंस गैंग ने ही दी थी। एक अनजान नंबर से आए कॉल में शाहरुख को धमकी मिली थी। उनसे 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी।

क्या सेफ नहीं रही मुंबई?

क्राइम के मामले में देखा जाए तो दिल्ली के बाद सबसे ज्यादा अपराध मुंबई में होते हैं। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के बाद सबसे ज्यादा अपराध मुंबई में होते हैं। 2022 में दिल्ली में 3.18 लाख आपराधिक मामले दर्ज किए गए थे। उसी साल मुंबई में 89,098 मामले दर्ज हुए थे। इससे पता चलता है कि देश में दूसरी सबसे अनसेफ सिटी मुंबई है।


NCRB की रिपोर्ट बताती है कि 2022 में देशभर में मर्डर के 2,031 मामले सामने आए थे। सबसे ज्यादा 501 मामले दिल्ली में सामने आए थे। दूसरे नंबर पर बेंगलुरु था, जहां 173 केस दर्ज हुए थे। तीसरे नंबर पर मुंबई था, जहां मर्डर के 135 केस दर्ज किए गए थे।


इतना ही नहीं, महिलाओं के लिए भी मुंबई दूसरा सबसे असुरक्षित शहर है। 2022 में मुंबई में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 6,176 मामले दर्ज हुए थे। पहले नंबर पर दिल्ली रही, जहां 14,158 मामले दर्ज किए गए थे। रेप के सबसे ज्यादा 1,204 मामले दिल्ली में दर्ज हुए थे। दूसरे नंबर पर जयपुर रहा, जहां 497 मामले सामने आए थे। वहीं, तीसरे नंबर पर मुंबई रहा जहां 370 रेप केस दर्ज हुए थे।

मुंबई को लेकर क्या कहते हैं आंकड़े?

मुंबई पुलिस के आंकड़े बताते हैं कि पिछले साल 1 जनवरी से 30 नवंबर के बीच मर्डर के 101 मामले सामने आए थे। इनमें से 96 मामलों में आरोपियों को पकड़ा भी जा चुका है। वहीं, अटेम्प्ट टू मर्डर के 283 मामले दर्ज किए गए थे। इनके अलावा, डकैती के 115, चोरी के 448 और लूटपाट के 7,808 मामले सामने आए थे। वहीं रेप के 958 और छेड़छाड़ के 2,218 केस दर्ज हुए थे।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap