उत्तर प्रदेश के अयोध्या कैंट और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच चलने वाली नई साप्ताहिक सरयू-कमला एक्सप्रेस की शुरूआत कर दी गई है। दिल्ली से प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी
और नेपाल के प्रधानमंत्री
बालेंद्र शाह
ने मिलकर 23 नवंबर को वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर इसकी शुरुआत की। अयोध्या में होने वाले स्थानीय कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री
योगी आदित्यनाथ
शामिल रहेंगे।
यह सीधी रेल सेवा नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह की दो दिन की भारत यात्रा के दौरान शुरू होने वाले अहम फैसलों में शामिल है, जो मार्च 2026 में पद संभालने के बाद उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है। दोनों नेताओं के बीच बातचीत में ऊर्जा, पनबिजली, रेलवे, संपर्क और बुनियादी ढांचे में सहयोग बढ़ाने पर भी खास ध्यान रहेगा।
यह भी पढ़ें: 'दूसरी लैब में सब सही मिला, पानी सेफ है', FSSAI की कार्रवाई पर बिसलेरी का जवाब
रूट, दूरी और टाइम-टेबल
सरयू-कमला एक्सप्रेस लगभग 604 किलोमीटर की दूरी करीब 19 घंटे में तय करेगी। इसकी खासियत होगी कि यात्रियों को पूरे सफर में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं होगी। 23 नवंबर को उद्घाटन करने के बाद स्पेशल ट्रेन (04295) अयोध्या धाम से दोपहर 12:30 बजे रवाना हुई। इस ट्रेन की नियमित सेवा 28 नवंबर 2026 से शुरू होगी।
अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम (15596) हर सोमवार शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से चलेगी। अगले दिन मंगलवार को दोपहर 12:40 बजे (नेपाली के समयानुसार) जनकपुर धाम पहुंचेगी। वहीं जनकपुर धाम से अयोध्या कैंट (15595) वापसी में हर शनिवार दोपहर 1:10 बजे (नेपाली समय) जनकपुर धाम से रवाना होगी। रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी। आपको बता दे कि दी गई जानकारी के अनुसार, जनकपुर धाम के समय नेपाली समय में हैं, जो भारतीय समय से 15 मिनट आगे रहता है।
प्रमुख स्टॉपेज और कोच की जानकारी
यह ट्रेन मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी और जयनगर जैसे स्टेशनों से होकर गुज़रेगी। जयनगर से नेपाली सीमा के आगे यह जनकपुर धाम पहुंचती है। इस ट्रेन में 7 स्लीपर, 3 एसी 3-टियर और 2 एसी 2-टियर कोच के साथ पावर कार, गार्ड कोच और SLRD कोच रखे जाने की जानकारी है। यात्रा के लिए कन्फर्म टिकट होना जरूरी है और बिना कन्फर्म टिकट के एंट्री नहीं मिलेगी।
रामायण सर्किट और पर्यटन को बढ़ावा
भगवान राम की जन्मस्थली माने जाने वाले अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली मानी जाने वाली जनकपुर को जोड़ने वाली यह ट्रेन रामायण सर्किट को और मजबूत करेगी। इससे धार्मिक पर्यटन बढ़ने के साथ-साथ सीमावर्ती इलाकों में व्यापार, स्थानीय कारोबार और रोजगार के नए अवसर खुलने की उम्मीद है।
आगे की बुकिंग, आधिकारिक अधिसूचना या समय में किसी संभावित बदलाव की पुष्टि के लिए यात्री IRCTC या भारतीय रेलवे (ट्रेन नंबर 15595 और 15596), पूर्व मध्य रेलवे (ECR) तथा नेपाल रेलवे की आधिकारिक घोषणाओं से जानकारी जांच सकते हैं।
यह भी पढ़ें: 'फैसलों पर सवाल उठाएं, संस्थाओं पर नहीं', हिमाचल में बोले CJI सूर्यकांत
जनकपुर क्यों हैं इतना खास?
जनकपुर नेपाल के मधेश प्रदेश में स्थित एक प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक शहर है। इसे प्राचीन मिथिला की राजधानी और माता सीता की जन्मभूमि माना जाता है। यह भगवान राम का ससुराल होने के कारण हिंदू श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत पवित्र तीर्थस्थल है। मान्यता है कि राजा जनक की नगरी यहीं थी। यहीं माता सीता का जन्म व भगवान राम के साथ विवाह हुआ था। विवाह मंडप और राम मंदिर यहां के प्रमुख स्थलों में शामिल हैं। यहां का जानकी मंदिर माता सीता को समर्पित है जो अपनी राजपूत-मुगल शैली की वास्तुकला और सुंदरता के लिए जाना जाता है। शहर और मंदिर के आसपास अनेक सरोवर व कुंड हैं।
इनमें गंगासागर, धनुष सागर और परशुराम कुंड प्रमुख हैं। जनकपुर मिथिला संस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाजों और मिथिला (मधुबनी) चित्रकला का केंद्र है। विवाह पंचमी, रामनवमी और होली जैसे अवसरों पर यहाँ विशेष आयोजन होते हैं और बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।