logo

मूड

ट्रेंडिंग:

नेचुरल खाना छोड़ जंक फूड खा रहे बंदर, शिमला समेत कई जगह हुए रिसर्च में खुलासा

शिमला के शहरी इलाकों में रहने वाले बंदरों के कुल भोजन में करीब 61 फीसदी हिस्सा इंसानों से मिलने वाले खाने का है।

जंक फूड खा रहा बंदर

जंक फूड खा रहा बंदर, Photo Credit: AI

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

भारत में तेजी से इंसानों की खानपान की आदतों में बदलाव देखने को मिल रहा है। इंसानों की खानपान की आदतों का असर अब जानवरों पर भी पड़ने लगा है। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बंदरों को लेकर हुई एक रिसर्च में चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। यहां के बंदर जंगलों में मिलने वाले फल, फूल और पत्तियों के बजाय आइसक्रीम, ब्रेड और अनाज जैसे इंसानी खाने पर ज्यादा निर्भर हो रहे हैं। डरहम यूनिवर्सिटी की रिसर्च के मुताबिक, शिमला के शहरी इलाकों में रहने वाले बंदरों के कुल भोजन में करीब 61 फीसदी हिस्सा इंसानों से मिलने वाले खाने का है। यानी अब इन बंदरों की थाली में प्राकृतिक भोजन से ज्यादा इंसानों का खाना पहुंच रहा है।

 

रिसर्च में सामने आया कि बंदरों के भोजन में 14.9 फीसदी हिस्सा अनाज का है, जबकि 10.8 फीसदी आइसक्रीम और 10.7 फीसदी ब्रेड का है। इसके अलावा इंसानों से मिलने वाले फलों की हिस्सेदारी भी 10.8 फीसदी रही। दूसरी तरफ पत्तियां, घास और दूसरे प्राकृतिक पौधे उनके कुल भोजन का सिर्फ 35.4 फीसदी हिस्सा हैं। रिसर्च में यह भी पाया गया कि नर बंदरों के भोजन में इंसानों से मिलने वाले खाने की हिस्सेदारी 75.4 फीसदी तक पहुंच गई है। 

 

यह भी पढ़ें: हरियाणा के 10 कॉलेजों में होंगे स्टेट टूनार्मेंट, सरकार ने जारी किए 96 लाख रुपये

क्या सिर्फ शिमला के बंदरों में यह परिवर्तन?

शिमला में बंदरों के आतंक से लोग परेशान रहते हैं और सोशल मीडिया पर आए दिन तस्वीरें सामने आती हैं जिनमें बंदर खाना छिनते हुए दिखाई देते हैं। सवाल उठता है कि क्या सिर्फ एक शहर में ही बंदरों के खानपान में इस तरह का परिवर्तन आया है। इसका जवाब है नहीं। इंडोनेशिया के एक नेशनल पार्क में 2021-22 के दौरान लंबी पूंछ वाले बंदरों पर रिसर्च की गई थी। साल 2023 में प्रकाशित इस रिसर्च में पाया गया कि बंदरों के भोजन में औसतन 53.9 फीसदी हिस्सा इंसानों से मिलने वाले खाने का था, जबकि प्राकृतिक भोजन की हिस्सेदारी 43.8 फीसदी थी। टूरिस्ट्स की संख्या बढ़ने के साथ बंदरों की इंसानी भोजन पर निर्भरता भी बढ़ती पाई गई। इसके साथ ही रिसर्च में खुलासा हुआ कि आसानी से खाना मिलने के कारण बंदरों की आवाजाही और उनके रहने के दायरे में भी अंतर आया है।  

क्या-क्या खा रहे बंदर?

शिमला या इंडोनेशिया ही नहीं बल्कि दुनिया के दूसरे हिस्सों में भी इस तरह के बदलाव देखने को मिले हैं। अप्रैल 2026 में कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के रिसर्चर्स ने जिब्राल्टर के बार्बरी मकाक बंदरों पर एक रिसर्च प्रकाशित की। इसमें पता चला कि पर्यटकों से मिलने वाले चॉकलेट, चिप्स और आइसक्रीम जैसे खाने के बाद कुछ बंदर मिट्टी खाने लगे हैं। वैज्ञानिकों ने 2022 से 2024 के बीच 98 दिनों के निरीक्षण में मिट्टी खाने की 46 घटनाएं दर्ज कीं। रिसर्चर्स का मानना है कि ज्यादा मीठा, नमकीन और कम फाइबर वाला खाना बंदरों के पाचन सिस्टम को प्रभावित कर सकता है और मिट्टी खाना पेट की परेशानी से निपटने का उनका एक तरीका हो सकता है।

स्वास्थ्य पर पड़ रहा असर?

खानपान बदलने के साथ ही उसका असर स्वास्थ्य पर भी दिखाई देता है और बंदरों के खानपान में आए इस बदलाव को लेकर भी इसी तरह के सवाल उठ रहे हैं। फरवरी 2024 में प्रकाशित एक रिपोर्ट में मोरक्को के बार्बरी मकाक बंदरों पर इंसानी खाने के प्रभावों का विश्लेषण किया गया। इसमें ज्यादा कैलोरी वाले इंसानी भोजन और बंदरों के शरीर के वजन के बीच संबंधों की पड़ताल की गई।

 

यह भी पढ़ें: ले डूबी चीनी जासूस प्रेमिका, Nvidia के CEO जेन्सेन हुआंग ने दिया इस्तीफा

बीमारी का खतरा

वैज्ञानिकों ने यह भी बताया कि फेंके गए इंसानी भोजन से बंदरों में बैक्टीरिया और परजीवियों का खतरा बढ़ सकता है। शिमला की रिसर्च भी बताती है कि आसानी से खाना मिलने के कारण बंदर दिन का करीब 51 फीसदी समय आराम करते हैं। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, बंदरों को खाना खिलाने से बचना, कूड़ेदानों को ढककर रखना और खाद्य कचरे का सही निपटान करना जरूरी है। इससे बंदरों की प्राकृतिक खानपान की आदतों को बचाने के साथ इंसानों और वन्यजीवों के बीच होने वाले टकराव को भी कम किया जा सकता है। फिलहाल बंदरों के खानपान में हो रहा यह बदलाव दुनिया के कई हिस्सों में देखा जा रहा है। खासकर उन जगहों पर जहां पर्यटन से जुड़ी गतिविधियां बढ़ी हैं।


और पढ़ें