अंतरिक्ष की यात्रा करने वाले ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को देश के सर्वोच सैन्य पुरस्कार अशोक चक्र से सम्मानित किया गया। सेना के मेजर अर्शदीप सिंह (असम राइफल), नायब सूबेदार डोलेश्वर और एयरफोर्स के ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालकृष्णन नायर को कीर्ति चक्र मिलेगा। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सशस्त्र बलों के 70 जवानों को वीरता पुरस्कार से सम्मानित करने का ऐलान किया। इनमें से छह को मरणोपरांत ये सम्मान मिलेंगे। शौर्य चक्र पुरस्कारों की सूची में नौसेना की दो महिला अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं।
आधिकारिक लिस्ट के मुताबिक एक को अशोक चक्र, तीन को कीर्ति चक्र और 13 को शौर्य चक्र मिलेगा। एक बार टू सेना मेडल, 44 को सेना मेडल, 6 नौ सेना मेडल और दो वायुसेना मेडल से सम्मानित किया जाएगा। भारतीय नौसेना की सेलिंग वेसल (INSV) तारिणी पर आठ महीने में 21,600 नॉटिकल मील की यात्रा करके दुनिया का चक्कर लगाने वालीं नेवी की दो महिला अधिकारी लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए को शौर्य चक्र पुरस्कार दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: शिबू सोरेन से रोहित शर्मा तक, 131 हस्तियों को पद्म पुरस्कार, देखें पूरी लिस्ट
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सशस्त्र बलों और अन्य कर्मियों के लिए 301 सैन्य सम्मानों को भी मंजूरी दी। इनमें 30 परम विशिष्ट सेवा मेडल, चार उत्तम युद्ध सेवा मेडल, 56 अति विशिष्ट सेवा मेल, नौ युद्ध सेवा मेडल, दो बार टू सेना मेडल (प्रतिष्ठित), 43 सेना मेडल (प्रतिष्ठित), आठ नौसेना मेडल (प्रतिष्ठित), 14 वायु सेना मेडल (प्रतिष्ठित) और 135 विशिष्ट सेवा मेडल है।
अशोक चक्र: ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला इस साल अशोक चक्र से सम्मानित होने वाले इकलौती शख्सियत हैं। पिछले साल जून महीने में वह 18 दिनों तक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में रुके थे। राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष की यात्रा करने वाले वह दूसरे भारतीय बने हैं। लखनऊ के रहने वाले शुभांशु शुक्ला ने एक्सिओम-4 मिशन के तहत अंतरिक्ष की यात्रा की थी। 2006 में भारतीय वायुसेना का हिस्सा बनने वाले शुल्का के पास 2000 घंटों से अधिक समय तक फाइटर प्लेन उड़ाने का अनुभव है।
कीर्ति चक्र: असम राइफल्स के मेजर अर्शदीप सिंह, 2 पैरा (स्पेशल फोर्सेज) के नायब सूबेदार डोलेश्वर सुब्बा और ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालकृष्णन नायर को मिलेगा। प्रशांत बालकृष्णन नायर को भारत के पहले मानव अंतरिक्ष मिशन गगनयान की ट्रेनिंग मिली है।
यह भी पढ़ें: मजाक उड़ाया, पागल समझा, अब सड़क पर कूड़ा बीनने वाले पूर्व IPS को मिलेगा पद्मश्री
शौर्य चक्र: सेना के 10 जवानों समेत कुल 13 को शौर्य चक्र से सम्मानित किया जाएगा। लेफ्टिनेंट कर्नल घटागे आदित्य श्रीकुमार, 32 असम राइफल्स के मेजर अंशुल बाल्टू, 5 पैरा (स्पेशल फोर्सेज) के मेजर शिवकांत यादव, 42 राष्ट्रीय राइफल्स के मेजर विवेक, 11 पैरा (स्पेशल फोर्सेज) के मेजर दीपक सिंह, 6 पैरा (स्पेशल फोर्सेज) के कैप्टन योगेंद्र सिंह ठाकुर, 1 असम राइफल्स के सूबेदार पीएच मूसा, 4 राष्ट्रीय राइफल्स के बलदेव चंद (मरणोपरांत), 3 असम राइफल्स के राइफलमैन मंगलम संग वाइफेई, 33 असम राइफल्स के राइफलमैन ध्रुब ज्योति दत्ता सेना, भारतीय नौसेना के लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के, भारतीय नौसेना के लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए, असिस्टेंट कमांडेंट विपिन विल्सन को यह सम्मान मिलेगा।