उत्तर भारत के पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी के साथ-साथ बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। पहाड़ों की सैर करने वालों और वहां रहने वाले लोगों के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। एक नए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल और उत्तराखंड में 9 से 11 फरवरी के बीच बर्फबारी और बारिश होने के आसार हैं। खास तौर पर 10 फरवरी को पहाड़ों पर तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ मौसम ज्यादा खराब रह सकता है।
मैदानी इलाकों की बात करें तो अगले दो दिनों में उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी देखी जा सकती है। हालांकि, कोहरे की मार अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और पूर्वोत्तर के राज्यों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी गई है, जिससे विजिबिलिटी काफी कम रह सकती है।
यह भी पढ़ें: ट्रंप के साथ ट्रेड डील से खुश नहीं, सतर्क रहने की जरूरत, द. कोरिया को मिला सबक
मौसम का हाल
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल में 10 फरवरी को मौसम काफी सक्रिय रहेगा। यहां 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके बाद 14 और 15 फरवरी को एक बार फिर हल्की बर्फबारी का दौर देखने को मिल सकता है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में स्थिति गंभीर है, यहां कुछ जगहों पर 'जीरो विजिबिलिटी' दर्ज की गई है। कुशीनगर और लखीमपुर खीरी जैसे इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। इसके अलावा बिहार, असम और मेघालय में भी 10 फरवरी की सुबह तक घना कोहरा रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: 'घटिया हारमोनियम बजाते हो, मैं तुम्हें सिखाऊंगा', संजय राउत पर क्यों भड़के सामी?
तापमान में बदलाव
उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अगले दो दिनों तक पारा धीरे-धीरे चढ़ेगा, जिससे कड़ाके की ठंड में कमी आएगी। पूर्वी भारत में तापमान में यह बदलाव दो दिन बाद देखने को मिलेगा।
देश के बाकी हिस्सों में अगले एक हफ्ते तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है, वहाँ स्थिति सामान्य बनी रहेगी।