युवा पहलवान सागर धनखड़ की हत्या के मामले में गिरफ्तार पहलवान सुशील कुमार की जमानत सुप्रीम कोर्ट ने रद्द कर दी है। इसी साल दिल्ली हाई कोर्ट ने 4 मार्च को सुशील कुमार को जमानत दी थी। अब सुप्रीम कोर्ट ने उस फैसले को पलटते हुए कहा है कि सुशील कुमार 1 हफ्ते के अंदर सरेंडर करें। सुशील कुमार को पहली बार 2021 में गिरफ्तार किया गया था। आरोप है कि सुशील कुमार और उनके साथियों ने सागर धनखड़ और उनके दोस्तों को बुरी तरह मारा-पीटा था। इस हमले में घायल होने के बाद सागर धनखड़ की मौत हो गई थी।
इस मामले में सागर धनखड़ के पिता ने हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती दी थी। 13 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस संजय करोल और प्रशांत कुमार मिश्रा की बेंच ने इस मामले में सुनवाई की और हाई कोर्ट के फैसले को पलटते हुए सुशील कुमार को सरेंडर करने को कहा है। बता दें कि इस घटना में सागर धनखड़ के अलावा उनके दो दोस्त भी घायल हुए थे।
पीड़ित पक्ष की वकील ने क्या कहा?
इस मामले में शिकायतकर्ता की वकील जोशिनी तुली ने बताया है, 'सुप्रीम कोर्ट ने सुशील कुमार को जमानत देने के हाई कोर्ट के फैसले को पलट दिया है क्योंकि वह एक गलत फैसला था। यह फैसला पीड़ित के पिता अशोक धनखड़ की याचिका पर आया है। हमने इस फैसले को चुनौती दी थी कि क्योंकि यह फैसला सही कानूनी रूप से सही नहीं था। जब भी सुशील कुमार को अंतरिम जमानत मिली है उन्होंने सबूतों से छेड़छाड़ की है। इसका वीडियो फुटेज भी है।'
यह भी पढ़ें- आधार-वोटर ID कार्ड नागरिकता का सबूत क्यों नहीं? SIR पर SC ने बताया
वकील जोशिनी तुली ने आगे कहा, 'जब भी सुशील कुमार जेल से बाहर आए, उन्होंने सभी गवाहों से भी संपर्क की कोशिश की और घायल गवाह को भी बरगलाने की कोशिश की। सभी गवाह ट्रायल कोर्ट के सामने पलट गए। ट्रायल अभी भी चल रहा है और कई गवाहों से पूछताछ बाकी है। सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिए हैं कि एक हफ्ते में सुशील कुमार सरेंडर करें। अब वह गवाहों को प्रभावित नहीं कर पाएंगे।'
क्या है सागर धनखड़ केस?
पहलवान सुशील कुमार देश के लिए ओलंपिक मेडल भी जीत चुके हैं। युवा पहलवान सागर पहलवान की हत्या के मामले में सुशील कुमार को मई 2021 में गिरफ्तार किया गया था। जुलाई 2023 में घुटने की सर्जरी के लिए वह 7 दिन की अंतरिम जमानत पर बाहर आए थे।
यह भी पढ़ें- SC में SIR पर बहस के बाद इतनी चर्चा में क्यों हैं योगेंद्र यादव?
दरअसल, 4-5 मई 2021 की रात को दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में सागर धनखड़ को कुछ लोगों ने बुरी तरह पीटा था। इस पिटाई के बाद सागर धनखड़ को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था जिसके बाद उनकी मौत हो गई। आरोप है कि सुशील कुमार और उनके साथियों ने लाठी-डंडों से सागर धनखड़ को पीटा था। इसी के चलते सुशील कुमार को 23 मई 2021 को गिरफ्तार कर लिया गया था।
बताया जाता है कि यह झगड़ा प्रॉपर्टी को लेकर हुआ था। सुशील कुमार के अलावा पहलवान अनिरुद्ध दहिया समेत कुल 16 लोगों के खिलाफ इस केस में हत्या की कोशिश और आपराधिक साजिश जैसे आरोप तय भी हो चुके हैं।