केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने देश के 11 हवाई अड्डों पर 'उडान यात्री कैफे' का उद्घाटन किया है। इन कैफे में यात्रियों को मात्र 10 रुपये में चाय और 20 रुपये में समोसा-वड़ा पाव जैसे नाश्ते मिलेंगे। यह पहल हवाई अड्डों पर मिलने वाले महंगे खाने-पीने के सामान से आम आदमी को राहत देने के लिए शुरू की गई है, जिसका सीधा फायदा मध्यम वर्ग के यात्रियों को होगा।
हवाई अड्डों पर अब तक जो चाय और पानी की बोतल 50 से 100 रुपये के बीच मिलती थी, उसकी कीमतें अब काफी कम कर दी गई हैं। इन नए कैफे में यात्री सिर्फ 10 रुपये में चाय और 10 रुपये में ही पीने के पानी की बोतल खरीद सकते हैं। इसके अलावा समोसा, वड़ा पाव और दिन की कोई एक खास मिठाई मात्र 20 रुपये में उपलब्ध कराई जा रही है। कॉफी पीने वालों के लिए भी राहत की खबर है क्योंकि यहां कॉफी की कीमत मात्र 20 रुपये तय की गई है। सरकार का मकसद एयरपोर्ट पर खाने-पीने के खर्च को आम दुकानों के बराबर लाना है।
यह भी पढ़ें: अचानक कांग्रेस से ऑफिस क्यों खाली करवा रही सरकार? नियम जान लीजिए
इन 11 शहरों के हवाई अड्डों पर शुरू हुई सुविधा
इस योजना के पहले स्टेप में देश के 11 महत्वपूर्ण हवाई अड्डों को शामिल किया गया हैं। इनमें श्रीनगर, जयपुर, कोलकाता, चेन्नई, अहमदाबाद, पुणे, भुवनेश्वर और मुंबई का टर्मिनल 2 प्रमुख हैं। कोलकाता एयरपोर्ट पर इस मॉडल का सफल ट्रायल होने के बाद अब इसे पूरे देश में फैलाया जा रहा है। ये कैफे एयरपोर्ट के अंदर ऐसी जगह बनाए गए हैं जहां सुरक्षा जांच से पहले यात्री आसानी से पहुंच सकें और कम बजट में नाश्ता कर सकें।
यह भी पढ़ें: होटल वाले नहीं मांग सकते गैस चार्ज, शिकायत करने का तरीका जान लीजिए
इस बदलाव के पीछे की वजह
एयरपोर्ट पर मिलने वाले मंहगे सामान का मुद्दा राज्यसभा सांसद राघव ने चड्डा ने संसद में उठाया था, जिसके बाद नागरिक उड्डयन मंत्री ने इस पर काम शुरू किया। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक यात्री का वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने जयपुर एयरपोर्ट पर बहुत कम खर्च में नाश्ता मिलने की जानकारी दी थी। मंत्री नायडू ने बताया कि यह सेवा विशेष रूप से उन लोगों के लिए है जो बजट एयरलाइंस का इस्तेमाल करते हैं और एयरपोर्ट पर होने वाले भारी खर्च से बचना चाहते हैं।