अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी जंग भारतीयों पर भारी पड़ रही है। अब तक हमलों में तीन भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है। वहीं चौथा भारतीय नागरिक लापता है। 28 फरवरी को जंग शुरू होने के बाद ईरान लगातार फारस की खाड़ी और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में वाणिज्यिक जहाजों पर हमले को अंजाम दे रहा है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक ईरान जंग में अब तक दो दर्जन से अधिक भारतीय नागरिक घायल हो चुके हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को बताया कि हमने अब तक तीन भारतीय नागरिकों खोया है। चौथा भारतीय नागरिक लापता है। यह सभी नागरिक मर्चेंट शिप पर क्रू का हिस्सा थे। ओमान और इराक में हमारे दूतावास और दुबई स्थित वाणिज्य दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। भारत मर्चेंट शिप पर होने वाले हमलों की कड़ी निंदा करता है।
यह भी पढ़ें: 'देश में तेल और गैस की कोई कमी नहीं', लोकसभा में हरदीप पुरी का दावा
इराक के करीब जहाज पर हमला, एक भारतीय की मौत
रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारतीय नागरिक की हालिया मौत 'सेफ सी विष्णु' नाम के जहाज पर हमले के दौरान हुई है। इस जहाज पर मार्शल आइलैंड्स का झंडा लगा था। हमला इराक के करीब हुआ। इसमें एक भारतीय नागरिक की जान गई है। हम उनके प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हैं। हम देखेंगे कि पार्थिव शरीर को वहां से भारत कैसे लाया जा सकता है।
स्काईलाइट और व्योम पर हमले में दो की गई जान
रणधीर जायसवाल ने आगे बताया कि मर्चेंट वेसल स्काईलाइट पर हुए हमले में भी एक भारतीय नागरिक की जान गई है। अभी एक नागरिक लापता है। जहाज पर सवार आठ लोगों के यात्रा दस्तावेज और जरूरी औपचारिता को पूरा कर लिया गया। मस्कट में दूतावास कंपनी के संपर्क में है, ताकि दूसरी जरूरतें पूरी की जा सकें और नागरिकों को घर वापस लाया जा सके। रणधीर जायसवाल ने बताया कि तीसरे भारतीय नागरिक की मौत 'एमकेडी व्योम' जहाज पर हुए हमले में गई है। जहाज में सवार 16 नागरिक घर वापस आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें: 10 की चाय अब 15 की मिल रही, भंडारे भी बंद; गरीबों तक कैसे पहुंचेगा निवाला?
ईरान से नागरिकों को निकाल रहा भारत
रणधीर जायसवाल ने आगे कहा कि तेहरान में स्थित हमारा दूतावास भारतीय नागरिकों को वीजा सुविधा के साथ-साथ इंटरनेशनल लैंड बॉर्डर क्रॉसिंग में भी मदद कर रहा है। हमारे कई नागरिकों ने इस ऑप्शन का फायदा उठाया है और इंडिया वापस आ गए हैं। हम दूसरे भारतीय नागरिकों से अनुरोध करते हैं कि वह दूतावास की इस मदद का फायदा उठाएं। दूतावास ने एक एडवाइजरी भी जारी की है। ईरान छोड़ने वाले भारतीय नागरिकों को आर्मेनिया और अजरबैजान के रास्ते वापस लाया जा रहा है।