देश के ज्यादातर हिस्सों में इन दिनों कड़ाके की ठंड लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी और मैदानी इलाकों में घना कोहरा जनजीवन को प्रभावित कर रहा है। इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार में सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है। इसके साथ ही कई इलाकों में शीत दिवस और शीतलहर की स्थिति बनी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में शीत दिवस दर्ज किया जा सकता है। वहीं हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में ठंडी हवाओं के साथ शीतलहर चलने के आसार हैं। 9 तारीख को सुबह के समय दिल्ली- एनसीआर के कई इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।
यह भी पढ़ें- कैसे कम होगा प्रदूषण? पैसा मिला लेकिन खर्च ही नहीं कर पाए दिल्ली-नोएडा
दक्षिण भारत में बिगड़ सकता है मौसम
बंगाल की खाड़ी और पूर्वी भूमध्यरेखीय हिंद महासागर के ऊपर बने गहरे दबाव के वजह से दक्षिण भारत में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। 9 और 10 जनवरी को तमिलनाडु में गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा 10 जनवरी को केरल में भी तेज बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने बताया है कि दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बहुत ज्यादा अवदाब बना हुआ है। इसी को देखते हुए मछुआरों को 8 से 10 जनवरी के बीच बंगाल की खाड़ी, श्रीलंका तट और तमिलनाडु-पुडुचेरी तट के आसपास समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। इस दौरान तेज हवाओं और ऊंची लहरों की वजह से समुद्र की स्थिति खतरनाक रह सकती है।
दिल्ली का मौसम
राजधानी दिल्ली में भी ठंड का असर लगातार बना हुआ है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन के सबसे कम तापमानों में से एक है।
अधिकतम तापमान भी सामान्य से नीचे रहा। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि न्यूनतम तापमान करीब 6 डिग्री और अधिकतम तापमान लगभग 17 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 9 तारीख की सुबह के समय दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है।
यह भी पढ़ें- 'आज मेरी जिंदगी का सबसे अंधकारमय दिन है..', बेटे की मौत पर बोले अनिल अग्रवाल
उत्तर प्रदेश का हाल
उत्तर प्रदेश में शीतलहर की वजह से लोगों को तेज ठंड झेलनी पड़ रही है। मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में शीत दिवस की संभावना जताई है। लखनऊ और आसपास के इलाकों में सुबह के समय घने कोहरे की वजह से दृश्यता कम रह सकती है, हालांकि दोपहर बाद हल्की धूप निकलने की उम्मीद है। गाजियाबाद और नोएडा में वायु गुणवत्ता करीब 300 के आसपास दर्ज किया गया है।
बिहार में ठंड का असर
बिहार के दक्षिणी, उत्तर-पूर्वी और उत्तर-मध्य हिस्सों में शीत दिवस की स्थिति बनी हुई है। ठंड को देखते हुए पटना जिला प्रशासन ने कक्षा आठ तक के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों, प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में 11 जनवरी तक पढ़ाई पर रोक लगा दी है। वहीं, आठवीं से ऊपर की कक्षाएं सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जम्मू-कश्मीर का मौसम
जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर समेत कई इलाकों में इस सीजन की सबसे ठंडी रातें दर्ज की गई हैं। न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट की वजह से कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। डल झील सहित कई जलस्रोतों के किनारों पर पानी जम गया है। हालांकि घाटी के मैदानी इलाकों में अब तक बर्फबारी नहीं हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि 20 जनवरी तक मौसम शुष्क रहेगा लेकिन आसमान में बादल छाए रह सकते हैं।
हिमाचल प्रदेश की स्थिति
हिमाचल प्रदेश में कुकुमसेरी सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 11.2 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। ताबो में भी तापमान शून्य से 8.9 डिग्री नीचे रहा। मौसम विज्ञान केंद्र ने 9 से 12 जनवरी के बीच ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने और न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी होने का अनुमान जताया है।