देश के कई राज्यों में आज भी मौसम बिगड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग IMD के मुताबिक, आज यानी 20 सितंबर को उत्तर प्रदेश, बिहार सहित 21 राज्यों के लिए प्रचंड बारिश की संभावना है। विभाग ने इन राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है। बारिश के साथ कहीं-कहीं 70 से 72 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की भी संभावना है।
किसानों के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा, पहाड़ी राज्यों में घूमने जाने वाले लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दी गई है। ऐसे में आइए जानते हैं आज देशभर में कैसा रहेगा मौसम। पढ़ें मौसम विभाग की ताजा अपडेट।
यह भी पढ़ें: मिट्टी से कम हो रहे पोषक तत्व, वरुण धवन ने जताई चिंता, कहां चूक रहे किसान?
21 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, आज देश के 21 राज्यों उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, सिक्किम, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान पूर्वी भारत के राज्यों में बिजली गिरने और तेज हवा चलने की चेतावनी है।
आज कैसे रहेगा सभी राज्यों में मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी 20 सितंबर को उत्तर-पश्चिम भारत में हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
मध्य भारत में पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा, छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है।
वहीं पूर्वी भारत में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, ओडिशा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बिजली और तेज हवाएं चल सकती हैं।
पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है।
पश्चिम भारत में कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, गुजरात क्षेत्र तथा सौराष्ट्र और कच्छ में बारिश होने की संभावना है। कोंकण और गोवा और मध्य महाराष्ट्र में कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
वहीं दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे, लक्षद्वीप, तटीय कर्नाटक, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में बारिश होने की संभावना है। कई हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।