logo

ट्रेंडिंग:

मुंबई में बारिश से 21 मौतें, दिल्ली-NCR में येलो अलर्ट; ऐसा रहेगा मौसम

दिल्ली से लेकर मुंबई तक देशभर में बारिश का दौर जारी है। देश के पहाड़ी राज्यों में बारिश और लैंडस्लाइड का अलर्ट आज भी है। जानिए कैसा रहेगा देश में मौसम।

Mumbai Rain Picture

मुंबई से बारिश की तस्वीरें: Photo Credit: PTI

देश के कई हिस्सों में बारिश का कहर जारी है। दिल्ली में 22 से 25 अगस्त के बीच भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यही अलर्ट चंडीगढ़ और हरियाणा में भी लागू रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार आज आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर (निम्न दबाव क्षेत्र) की वजह से आने वाले कुछ दिनों में कई राज्यों में तेज से भारी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। अगले 12 घंटों में यह दबाव बदलकर दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश के तटों से टकरा सकता है। इसके असर से दक्षिण भारत और मध्य भारत में मॉनसून सक्रिय रहेगा। वहीं, उत्तर प्रदेश और बिहार में भी अगले कुछ दिनों में भारी बारिश हो सकती है।

 

महाराष्ट्र इन दिनों भीषण बारिश की मार झेल रहा है। मुंबई, पुणे, ठाणे, रायगढ़, पालघर और सतारा जैसे जिलों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने इन क्षेत्रों के लिए अगले 48 घंटों तक के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने साफ चेतावनी दी है कि यह समय बेहद अहम और संवेदनशील है। राजधानी मुंबई में बारिश ने हालात सबसे ज्यादा बिगाड़े हैं। यहां पिछले 24 घंटों में 300 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिसमें से 200 मिमी से ज्यादा सिर्फ 11 घंटों के भीतर ही हो गई।

 

यह भी पढ़ें-- 11 साल में 23% खाते निष्क्रिय, PM जन धन योजना का क्या हुआ?

 

मुंबई में बारिश से 21 लोगों की मौत

महाराष्ट्र में पिछले पांच दिनों में भारी बारिश और बाढ़ की वजह से 21 लोगों की मौत हुई है। नांदेड़ जिले में बादल फटने जैसी स्थिति की वजह से बाढ़ आ गई। इससे आठ लोगों की मौत हो गई। ठाणे और पालघर जिलों से 1100 से अधिक लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचाया गया। वहीं, नांदेड़ में बाढ़ प्रभावित गांवों से दो दिन में 290 लोगों को निकाला गया।

 

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार से मुंबई में बारिश कम होने की संभावना है। एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत में इस मानसून सीजन में कुल बारिश सामान्य से 101% अधिक रही, जो पिछले सप्ताह के 100% से थोड़ी ज्यादा है। राज्यवार देखें तो राजस्थान में (सामान्य से 40% अधिक) और मध्यप्रदेश (23% अधिक) में सबसे ज्यादा बारिश हुई। गुजरात में सामान्य बारिश हुई है।

 

यूपी में मौसम का हाल

उत्तर प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। सोमवार को एक-दो जिलों को छोड़कर कहीं भी बारिश नहीं हुई है। ज्यादा से ज्यादा जिलों में अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच मे दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिन तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। इसके बाद भारी बारिश होने से तापमान में गिरावट आ सकती है और थोड़ी राहत मिल सकती है। हालांकि, उमस का असर जारी रहेगा। IMD ने 23 और 24 अगस्त को प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

 

यह भी पढ़ें-- GST के बदलने से राज्यों को कितने का नफा-नुकसान? समझिए पूरा गणित

उत्तराखंड में बारिश का हाल

उत्तराखंड के ज्यादातर इलाकों में फिलहाल के लिए भारी बारिश से राहत मिली है। अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। मौसम विभाग मुताबिक, आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून और नैनीताल में कुछ जगहों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

 

बारिश की रफ्तार कम होने के साथ ही गर्मी का असर बढ़ने लगा है। देहरादून में सोमवार को सुबह से बादल छाए रहे और हल्की से मध्यम बारिश हुई। दोपहर के बाद धूप निकलने से उमस बढ़ गई थी। शाम को हवा चलने से थोड़ी ठंडक महसूस हुई। वहीं,  रात में आसमान पर फिर से बादल छाने लगे और बारिश की संभावना बनी रही।

बिहार में मौसम का हाल

पिछले 24 घंटों में बिहार के कई हिस्सों में 7 से 10 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, मानसून की रफ्तार धीमी होने से लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। अगले 24 घंटों तक इसी तरह की स्थिति बनी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 20 से 24 अगस्त के बीच राज्य में भारी बारिश हो सकती है।

Related Topic:#Rains

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap