केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण रविवार यानी आज 11 बजे केंद्रीय बजट 2026-27 पेश करेंगी। सीतारमण इस बार लगातार नौवां बजट पेश कर रही हैं। इस बजट से लोगों को काफी उम्मीदें हैं। इस बीच देश की नजरें वित्त मंत्री सीतारमण पर टिकी हैं। निर्मला सीतारमण जब बजट पेश करने आती हैं, तो इसमें वह एक खास लुक में नजर आती हैं। दरअसल, बजट वाले दिन वह खास साड़ी पहनकर आती हैं, जो चर्चा में रहती है।
इस बार भी वित्त मंत्री ने बजट वाले दिन हाथ से बुनी बैंगनी रंग की कांचीवरम सिल्क साड़ी पहनी है। यह साड़ी तमिलनाडु की साड़ी बुनने वाली पुरानी परंपरा से जुड़ी हुई है। इस बार की उनकी साड़ी में हल्के सुनहरे भूरे रंग के चेक, यानी कट्टम, और धागे के काम के साथ कॉफी ब्राउन बॉर्डर है।
पिछले बजट में पहनी थी 'मधुबनी कला' की साड़ी
इस बड़े मौके पर निर्मला सीतारमण जो साड़ी पहनती हैं, उसमें भारत की संस्कृति की छाप दिखती है। केंद्रीय वित्त मंत्री के तौर पर सीतारमण 2019 से लगातार बजट पेश कर रही हैं। वह हर बार अलग-अलग महत्व की साड़ियां पहनती हैं। इससे पहले सीतारमण ने 2025 का जट पेश करते समय 'मधुबनी कला' से सजी ऑफ-व्हाइट सिल्क साड़ी पहनी थी। यह साड़ी उन्हें पद्म पुरस्कार विजेता दुलारी देवी ने उपहार में दी थी।

यह भी पढ़ें: Budget 2026: कब शुरू होगा बजट भाषण, कहां देखें लाइव प्रसारण?
यूनियन बजट 2023 और 2024
इसी तरह से वित्त मंत्री सीतारमण ने 2023 के बजट में ब्लैक और गोल्ड टेंपल बॉर्डर वाली लाल रंग की सिल्क साड़ी पहनी थी। टेंपल बॉर्डर को दक्षिण भारतीय स्टाइल का प्रतीक माना जाता है। लाल रेशम साड़ी पर काले और सोने के मंदिर का बॉर्डर था, जिसमें रथ, मोर और कमल जैसे डिजाइन थे।
2024 में उन्होंने नीले रंग की टसर सिल्क साड़ी पहनी थी जिस पर पश्चिम बंगाल में प्रसिद्ध कांथा कढ़ाई का काम हुआ था। यह साड़ी परंपरागत कला शैली का नमूना थी।
यूनियन बजट 2021 और 2022
निर्मला सीतारमण ने केंद्रीय बजट 2021 को पेश करने के दिन लाल व ऑफ-व्हाइट, हरे रंग की मिश्रित साड़ी पहनी थी। यह साड़ी तेलंगाना की पोचमपल्ली इकत साड़ी थी। इस साड़ी की खासियत इसका लाल, ऑफ-व्हाइट और हरे रंग के बोल्ड का मिश्रण था। वहीं, 2022 में उन्होंने भूरी बोमकाई साड़ी पहनी थी, जो ओडिशा के गंजम जिले के बोमकाई गांव में बनाई जाती है। इस साड़ी पर सिल्वर जरी का काम होता है।
यह भी पढ़ें: ट्रंप, ड्यूक, बिलगेट्स, मस्क..., एपस्टीन फाइल्स में आए 8 नाम, जिन पर हंगामा मचा
यूनियन बजट 2019 और 2020
निर्मला सीतारमण ने अपना पहला यूनियन बजट 2019 में पेश किया था। इस साल सीतारमण ने गुलाबी रंग की मंगलगिरी साड़ी पहनी थी। इस साड़ी का बॉर्डर सुनहरे रंग का था, जिसमें सोने की जरी से कढ़ाई थी। वित्त मंत्री सीतारमण इसी तरह से 2020 का बजट पेश करने के समय पीले रंग की सिल्क साड़ी पहनी थी जिसका बॉर्डर हरे रंग का था।