नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाले लोगों के लिए एक गुड न्यूज है। केंद्र सरकार ने नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन के विस्तार को मंजूरी दे दी है। इस प्रोजेक्ट पर 2,390 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। प्रोजेक्ट के तहत 8.449 किलोमीटर लंबा नया मेट्रो कॉरिडोर बनाया जाएगा। कॉरिडोर में 5 नए स्टेशन होंगे। यह रूट नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-4 तक जाएगा।
प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी
की अध्यक्षता में बुधवार 11 नवंबर को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई। इसके पूरा होने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के कई इलाकों की मेट्रो से कनेक्टिविटी बढ़ेगी। अभी इन इलाकों के कई हिस्सों में पब्लिक ट्रांसपोर्ट के बेहतर साधन कम उपलब्ध हैं। नया कॉरिडोर ऐसे इलाकों को मौजूदा मेट्रो नेटवर्क से जोड़ेगा।
PM मोदी में X पर पोस्ट कर जानकारी दी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसे लोगों के लिए अच्छी खबर बताया। उन्होंने कहा, 'जैसे-जैसे नोएडा और ग्रेटर नोएडा का विकास हो रहा है, तो फिर लोगों का रोजाना सफर लंबा क्यों होना चाहिए? नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों के लिए एक अच्छी खबर है!'
पीएम मोदी ने आगे कहा, 'मेट्रो के इस विस्तार से ऑफिस, स्कूल, अस्पताल और बाजारों तक पहुंचने में लोगों को आसानी होगी। इससे सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और साथ में सफर का समय घटाने में भी मदद मिलेगी।' PM मोदी ने यह भी कहा, 'यह नया कॉरिडोर कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने और लोगों की जिंदगी आसान करने में बड़ी मदद करेगा।'
सेक्टर-61 पर ब्लू लाइन से मिलेगी कनेक्टिविटी
इस नए रूट की एक खास बात यह है कि नोएडा सेक्टर-61 में दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन से जुड़ने की सुविधा मिलेगी। इससे यात्रियों को दिल्ली-NCR के बड़े मेट्रो नेटवर्क तक पहुंचने का एक और आसान रास्ता मिलेगा। इस इंटरचेंज के जरिए लोग एक्वा लाइन से ब्लू लाइन पर जा सकेंगे। इससे दिल्ली और NCR के अलग-अलग इलाकों में आने-जाने वाले यात्रियों को फायदा होगा।
मेट्रो के इस विस्तार से कई बड़े मॉल और कारोबारी इलाकों तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है। इसमें गौर सिटी मॉल, H&S मॉल और ब्लू सफायर मॉल शामिल हैं। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-4 में बन रहे कारोबारी इलाकों को भी इसका फायदा मिलेगा। इसके अलावा नोएडा के सेक्टर-51 में IKEA और सेक्टर-73 में एन्थ्यूरियम मॉल तक पहुंच भी आसान हो सकती है। इस रूट से आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को खरीदारी और दूसरे कामों के लिए आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
इन रिहायशी इलाकों को भी होगा फायदा
कारोबारी इलाकों के साथ-साथ नए मेट्रो कॉरिडोर से कई ऑफिस और रोजगार से जुड़े इलाकों की भी कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इनमें सेक्टर-60 में टेक महिंद्रा और TCL टेक शामिल हैं। इसके अलावा सेक्टर-73 में ऑयल इंडस्ट्री डेवलपमेंट बोर्ड और ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-4 में गोल्डन-1 कमर्शियल स्पेस तक पहुंच आसान होगी।
इस कॉरिडोर से कई रिहायशी सोसायटियों की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी। इनमें सेक्टर-122 की क्लियो काउंटी और ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-4 में गौर सिटी-1 और गौर सिटी-2 शामिल हैं। इन इलाकों में रहने वाले लोगों को मेट्रो से सफर करने के लिए बेहतर विकल्प मिलेगा। बता दें कि प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा में चल रहे मेट्रो नेटवर्क की कुल लंबाई बढ़कर 71.878 किलोमीटर हो जाएगी।