देश के कई हिस्सों में आज यानी 19 सितंबर को भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग IMD के मुताबिक, शनिवार के आसपास पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी शुरू होने के लिए मौसम अनुकूल हो रहा है। इसके बाद मानसून अगले 3 से 4 दिनों में धीरे-धीरे आगे बढ़ते हुए दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश के तटों की ओर जा सकता है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि इस दौरान 19 सितंबर को पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश होने की संभावना है। मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, गुजरात, गोवा, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, पूर्वोत्तर राज्यों और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भी बारिश हो सकती है।
यह भी पढ़ें: बैलट पेपर पर छात्रों की मुहर, ABVP-NSUI या लेफ्ट गठबंधन; कौन मारेगा बाजी?
उत्तर-पश्चिम भारत
मौसम विभाग के अनुसार, 19 से 24 सितंबर के दौरान हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कहीं-कहीं बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। इसके अलावा 19 से 22 सितंबर के दौरान पूर्वी राजस्थान में बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिर सकती है, 19 सितंबर को कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। 19 सितंबर को हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पंजाब, पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में और 19 से 20 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। 23 से 24 सितंबर को जम्मू, कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद में भी ऐसा मौसम रहने की संभावना है।
मध्य भारत
19 से 24 सितंबर के दौरान छत्तीसगढ़ और विदर्भ में कई जगहों पर बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। इसके अलावा, 19 सितंबर को पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश में भी ऐसा मौसम बना रह सकता है। 20 से 24 सितंबर के दौरान पश्चिमी मध्य प्रदेश, 20 से 23 सितंबर को पूर्वी मध्य प्रदेश और 22 से 24 सितंबर के दौरान छत्तीसगढ़ में बारिश की संभावना है। 22 से 24 सितंबर के दौरान छत्तीसगढ़, जबकि 24 सितंबर को पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
पूर्वी भारत
19 से 24 सितंबर के दौरान बिहार और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में बारिश की संभावना है। 19 से 23 सितंबर के दौरान झारखंड और 19 से 24 सितंबर के दौरान ओडिशा में कहीं-कहीं बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिर सकती है। 20 से 24 सितंबर के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम और 21 से 22 सितंबर को गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में कई जगहों पर बारिश हो सकती है। 22 से 24 सितंबर को ओडिशा में कहीं-कहीं भारी और 23 से 24 सितंबर को बहुत भारी बारिश की संभावना है। 24 सितंबर को झारखंड और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी भारी बारिश हो सकती है।
पूर्वोत्तर भारत
मौसम विभाग के अनुसार 19 से 23 सितंबर के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में और 19 सितंबर और 21-23 सितंबर के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कहीं-कहीं बारिश की संभावना है। 19 से 20 सितंबर के दौरान पूर्वोत्तर के कई राज्यों में आंधी-तूफान और बिजली गिर सकती है। 19 सितंबर को असम और मेघालय और 19-20 सितंबर को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। 20 और 24 सितंबर को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा और 24 सितंबर को अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कई जगहों पर बारिश की संभावना है।
पश्चिम भारत
19 से 24 सितंबर के दौरान मराठवाड़ा में कहीं-कहीं बारिश, 19 से 20 सितंबर को कोंकण-गोवा और मध्य महाराष्ट्र और 20 से 24 सितंबर को गुजरात क्षेत्र में बारिश की संभावना है। 19 से 23 सितंबर के दौरान सौराष्ट्र और कच्छ में भी कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। 20 से 22 सितंबर को मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और 40 से 50 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 20-22 सितंबर को मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है।
दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत
इसके अलावा 19 से 24 सितंबर के दौरान रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी एवं कराईकल, केरल और माहे, लक्षद्वीप, उत्तरी और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना और तटीय कर्नाटक में बारिश की संभावना है। 19 से 24 सितंबर के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भी कई जगहों पर बारिश हो सकती है। 19 से 22 सितंबर के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी एवं कराईकल में गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और 40-50 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।