देशभर में गर्मी के बीच गुरुवार को मौसम अचानक बदल गया। दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश और बिहार तक आंधी-तूफान के साथ-साथ जबरदस्त बारिश हुई। इस कारण उत्तर प्रदेश में 22 लोगों की मौत हुई है। बिहार में दो दिन में ही 38 लोगों की जान चली गई है। कुल मिलाकर दोनों राज्यों में 60 लोगों की मौत हो चुकी है। यह मौतें बिजली गिरने से हुई हैं। झारखंड में भी 4 लोग घायल हुए हैं।
दरअसल, बुधवार शाम को ही मौसम बदलने लगा था। गुरुवार को पूरे उत्तर भारत में अचानक मौसम बदला, जिस कारण कई जगहों पर भारी बारिश हुई। शुक्रवार को भी कई इलाकों में सुबह से ही बारिश हो रही है। इससे गर्मी से थोड़ी राहत तो मिली लेकिन कई लोगों के लिए यह आफत भी बनकर आई।
यह भी पढ़ें-- AC, कार और फोन, हर साल बढ़ती गर्मी के जिम्मेदार हैं आपके 'शौक'
यूपी में कहां-कहां हुई मौतें?
उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान और बारिश की वजह से 22 लोगों की मौत हो गई। इसकी वजह से 45 जानवर भी मारे गए हैं जबकि 15 घरों को नुकसान पहुंचा है।
आंधी-तूफान और बारिश की वजह से बिजली गिरने की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें लोगों की मौत हो गई है। सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, बिजली गिरने से फतेहपुर और आजमगढ़ में 3-3, फिरोजाबाद, कानपुर देहात और सीतापुर में 2-2 जबकि गाजीपुर, गोंडा, अमेठी, संत कबीरनगर, सिद्धार्थनगर, बलिया, कन्नौज, बाराबंकी, जौनपुर और उन्नाव में 1-1- मौत हुई है।
इसके बाद यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुआवजे का ऐलान किया है। सीएमओ की तरफ से जारी बयान में बताया गया है कि इस वजह से मारे गए लोगों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें-- दिल्ली NCR सहित कई जगहों पर आंधी-बारिश और ओले पड़े, घरों में घुसा पानी
बिहार में भी 25 मौतें
यूपी के अलावा बिहार में भी बिजली गिरने के कारण 25 लोगों की मौत हो गई है। आंधी-तूफान और बारिश ने नालंदा में सबसे ज्यादा तबाही मचाई है। सीएमओ ने बताया है कि नालंदा में सबसे ज्याा 18 लोगों की मौत हुई है। सिवान में 2 लोग मारे गए हैं। इसके अलावा कटिहार, दरभंगा, बेगूसराय, भागलपुर और जहानाबाद में 1-1 जान गई है।
हालांकि, आरजेडी नेता और बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने 50 लोगों के मारे जाने का दावा किया है। उन्होंने बारिश की वजह से फसलों को हुए नुकसान के लिए किसानों को भी मुआवजा देने की मांग की है।
इससे पहले बिहार में बुधवार को भी आंधी-तूफान और बारिश से 13 लोगों की मौत हो गई थी। बेगूसराय में 5, दरभंगा में 4, मधुबनी में 3 और समस्तीपुर में 1 व्यक्ति की मौत हो गई थी।
इन मौतों पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है।
बिहार की राजधानी पटना में गुरुवार शाम 5.30 बजे तक 42.6 मिलीमीटर तक बारिश हुई थी। मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। इनमें दरभंगा, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, पश्चिमी चंपारण, किशनगंज, अररिया, सुपौल, गया, सीतामढ़ी, शिवहर, नालंदा, नवादा और पटना शामिल है। मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार को भी यहां भारी बारिश होने की चेतावनी दी है।
10 राज्यों में बारिश के आसार
मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार के लिए 10 राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना जताई है। उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में बारिश के साथ ओले गिरने के आसार हैं। वहीं केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में दो दिन में बारिश होने के आसार हैं। हालांकि, गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में हीटवेव की स्थिति बन सकती है।