देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश, गरज-चमक के साथ बिजली और ओले पड़ने की संभावना है। भारत के मौसम विभाग (IMD) ने इस बात की जानकारी दी है। IMD के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत पर दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) का असर है, जिसकी वजह से पूरे हफ्ते तक देश के बड़े इलाकों में यह मौसम बना रहेगा। सबसे ज्यादा बारिश और तूफान 3 और 4 अप्रैल को होने की संभावना है।
उत्तर-पश्चिम भारत में सबसे ज्यादा असर पड़ेगा। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश, गरज-चमक और कुछ जगहों पर ओले गिरने की आशंका है। मध्य भारत में 6 अप्रैल तक तेज गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और आसपास के इलाकों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 2 अप्रैल तक कुछ जगहों पर ओले भी पड़ सकते हैं।
यह भी पढ़ें: संभल जाएं! पश्चिमी यूपी में हो सकती है बारिश, मौसम विभाग ने जताया अनुमान
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में पूरे हफ्ते हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। 31 मार्च और 1 अप्रैल को असम और मेघालय में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, उत्तर पाकिस्तान, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर असम में ऊपरी हवा में चक्रवाती हवाएं घूम रही हैं। इसके अलावा देश के कई हिस्सों में ट्रफ और हवा की असमानता बनी हुई है। 2 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिससे मौसम और ज्यादा सक्रिय हो जाएगा।
तापमान में भी बदलाव देखने को मिलेगा। उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान 6 अप्रैल तक सामान्य से नीचे या सामान्य रहेगा। कुछ दिनों में थोड़ी बढ़ोतरी के बाद फिर 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। मध्य और पूर्वी इलाकों में भी दिन का तापमान पहले थोड़ा गिरेगा और फिर धीरे-धीरे बढ़ेगा।
ऑरेंज और यलो अलर्ट
IMD ने कई राज्यों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, खासकर तेज हवाओं, बिजली और ओलावृष्टि से बचने के लिए।यह मौसम भारत के प्री-मॉनसून यानी मानसून से पहले के मौसम का हिस्सा है, जिसमें वातावरण में अस्थिरता बढ़ रही है। अगले कुछ दिनों में देश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम इसी तरह रहने वाला है।
यह भी पढ़ें: आने वाले समय में दिल्ली में होगी बारिश, क्या कहता है मौसम विभाग?
लोगों को मौसम विभाग ने खराब मौसम में बाहर निकलने से पहले सतर्क रहने की सलाह दी है। मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर में शाम के वक्त बूंदाबादी और हल्की बारिश देखने को मिली थी।