देश के कई राज्यों भारी बारिश का सिलसिला जारी है और आज भी भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आज 5 अगस्त को उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, केरल और कर्नाटक समेत कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना रहेगी। इसके साथ ही बताया गया है कि असम में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट रहेगा।
देश की राजधानी दिल्ली की बात करें तो दिल्ली में आज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में आज दिनभर बादल छाए रहने और कई दौर की हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। कुछ इलाकों में तेज बारिश भी हो सकती है। 6 अगस्त को भी इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है। हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में भी 6 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें: सक्षम योजना में पहले ही मिलता है पैसा, फिर CET पास वालों को क्या अलग मिलेगा?

यूपी और बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम?
IMD के अनुसार 5 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कई स्थानों पर तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। 6 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश में फिर से भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। बिहार में 5 अगस्त को कई जिलों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को नदी किनारे और निचले इलाकों में सतर्क रहने की सलाह दी है।
पहाड़ी राज्यों में भी अलर्ट
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले दो दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 5 अगस्त से 10 अगस्त तक हिमाचल प्रदेश और 6 से 10 अगस्त तक उत्तराखंड में कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर में भी 5 अगस्त को भारी बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने इन राज्यों में भूस्खलन, सड़क बंद होने और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका जताई है। इसको लेकर स्थानीय प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया है।
असम समेत पूर्वोत्तर में अलर्ट
पूर्वोत्तर भारत में सबसे गंभीर स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने 5 अगस्त को असम और मेघालय में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी लगातार भारी बारिश की संभावना है। विभाग के अनुसार, असम और मेघालय में 4 से 10 अगस्त तक कई स्थानों पर भारी बारिश जारी रह सकती है।
असम में इस साल बाढ़ के कारण भारी तबाही देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार, असम के लिए अभी भी राहत की खबर नहीं है। फ्लैश फ्लड के खतरे को देखते हुए मौसम विभाग ने असम के कोकराझार, बोंगाईगांव, धुबरी, कामरूप रूरल, दरांग, नगांव, कार्बी आंगलोंग, गोलाघाट, जोरहाट, शिवसागर, डिब्रूगढ़ और तिनसुकिया जिलों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। मेघालय के वेस्ट जयंतिया हिल्स, ईस्ट जयंतिया हिल्स, वेस्ट गारो हिल्स, ईस्ट गारो हिल्स, वेस्ट खासी हिल्स, ईस्ट खासी हिल्स और नॉर्थ कछार हिल्स में भी अचानक बाढ़ का खतरा जताया गया है।
पूर्वी भारत में भी भारी बारिश
पूर्वोत्तर के साथ-साथ पूर्वी भारत में भी मॉनसून अपना असर दिखा रहा है। बिहार के अलावा झारखंड, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम में भी अगले दो दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 5 अगस्त को बिहार, ओडिशा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम के कई इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि 6 अगस्त को गंगीय पश्चिम बंगाल में भी तेज बारिश का अलर्ट है।
यह भी पढ़ें: 9 शहरों के लिए बंद हुईं फ्लाइट, साल भर में ही हिंडन एयरपोर्ट पर कम हो गई आवाजाही
दक्षिण भारत में कैसा रहेगा मौसम?
केरल, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु में भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। IMD के अनुसार केरल और तटीय कर्नाटक में 5 से 8 अगस्त तक भारी बारिश हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु के कई हिस्सों में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है।
अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, 6 और 7 अगस्त तक उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। कई इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना है।