कुछ दिन पहले तक सर्दी ने लोगों को खूब परेशान किया लेकिन अब गर्मी की संभावना से लोग चिंतित है। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद से तो लोगों की चिंता और भी ज्यादा बढ़ गई है। देश के कई मार्च की शुरुआत होते ही देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट लेनी शुरू कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल से लेकर राजस्थान और महाराष्ट्र तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और मार्च के शुरुआत में ही लू चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी 9 मार्च को दिल्ली में आसमान बादलों से घिरा रह सकता है। हालांकि, मौसम सामान्य रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान करीब 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। तापमान बढ़ने की वजह से दिन के समय गर्मी का एहसास हो सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से यूपी में आज शाम से मौसम बिगड़ सकता है। हालांकि, पूरे दिन यूपी में धूप देखने को मिलेगी लेकिन शाम होते-होते बादल आसमान में मंडराने लगेंगे। इसके अलावा 9-10 मार्च को पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।
बिहार में आज ज्यादातर इलाकों में मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि, कुछ जिलों में तेज हवाओं के साथ-साथ बिजली गिरने की भी संभावना है। मुजफ्फरपुर, दरभंगा, अररिया, किशनगंज, कटिहार, भागलपुर, जमुई, सुपौल, मधेपुरा, मुंगेर, बांका और खगड़िया जिलों के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
किन राज्यों में चलेगी लू?
मौसम विभाग ने देश के कुछ राज्यों में लू चलने की संभावना जताई है। इसके साथ ही लोगों को सतर्क रहने की सलाह भी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान और सौराष्ट्र कच्छ वाले इलाके में 10 मार्च तक गर्मी का कहर रहेगा। महाराष्ट्र में भी 8 मार्च से 12 मार्च तक लू चलने की आशंका जताई गई गै। इसके अलावा गुजरात और मराठवाड़ा में भी मौसम विभाग ने लू चलने की आशंका जताई है। आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु जैसे राज्यों में लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं।
हिमाचल-कश्मीर में भी बढ़ी गर्मी
हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी इन दिनों लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, इन दोनों पहाड़ी राज्यों में तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा चल रहा है। वहीं, उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में पारा सामान्य से 3 से 5 डिग्री ऊपर चल रहा है।