• NEW DELHI
17 Mar 2026, (अपडेटेड 17 Mar 2026, 6:52 AM IST)
बढ़ती गर्मी के बीच पश्चिम विक्षोभ के एक्टिव होने से अब मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। देश के कई राज्यों में आज हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
देशभर में मौसम करवट ले रहा है। मार्च के महीने में ही गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया था लेकिन अब इससे थोड़ी राहत मिलने लगी है। अगले तीन दिन तक गर्मी से राहत मिलेगी क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ के कारण बादलों की गतिविधियां जारी रहेंगी। इस दौरान दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में 18 मार्च तक बादलों की आवाजाही, धूल भरी आंधी और बिजली गिरने की संभावनाओं के साथ-साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनो तक न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग ने 16 से 21 मार्च तक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी हिस्सों पर रुक-रुककर बारिश होने की संभावना जताई है। हालांकि, मैदानी हिस्सों में मौसम शु्ष्क बना रहेगा।
मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर के कई राज्यों में खराब मौसम के संकेत दिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही तेज हवाएं भी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं। मौसम विभाग ने बताया है कि आने वाले कुछ दिनों तक इन राज्यों में इसी तरह के मौसम के संकेत मिल रहे हैं।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली की बात करें तो पिछले कई दिनों से दिल्ली में मौसम गर्म था और दिन में तो तापमान 36 डिग्री तक पहुंच जाता था। ऐसे में अब दिल्ली वालों को गर्मी से राहत मिलती हुई नजर आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली में बादल छाए रहेंगे। दौरान अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस रहने के साथ तापमान में ज्यादा बदलाव न होने की संभावना जताई है।
बिहार की बात करें तो बिहार में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा। इसका असर र्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, पटना, किशनगंज, मधेपुरा, कटिहार, भागलपुर, सहरसा, खगड़िया, बांका, जमुई, शिवहर, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, मुंगेर, बेगूसराय, लखीसराय, नवादा, नालंदा, शेखपुरा, गया और जहानाबाद में देखने को मिलेगा। इस दौरान आंधी-बारिश के साथ बिजली यानी ठनका गिरने की भी संभावना है। इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे गर्मी में राहत मिलेगी।
उत्तर प्रदेश में भी मौसम करवट ले सकता है, जिसका सीधा असर तापमान पर पड़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश में मंगलवार को कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने कई जिलों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई है। पश्चिमी और मध्य यूपी में कुछ स्थानों पर 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।