logo

मूड

ट्रेंडिंग:

बाढ़ से जूझते असम में होगी और बारिश, दिल्ली में बढ़ेगी गर्मी, जानिए मौसम का हाल

देशभर में बारिश का दौर जारी है और आज भी कई राज्यों में मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही आज कुछ राज्यों में छिटपुट बारिश होगी और उमस भरा मौसम रहेगा।

Assam Flood

असम में बारिश, Photo C redit: PTI

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

देशभर में मॉनसून सक्रिय बना हुआ है, लेकिन इसका असर सभी राज्यों में एक जैसा नहीं है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 8 अगस्त को पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। इसके अलावा दिल्ली, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में हल्की बारिश के बीच उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

 

पिछले 24 घंटों के दौरान असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्रों, बिहार, झारखंड और ओडिशा के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। वहीं, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। दक्षिण भारत में केरल और कर्नाटक के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई, जबकि महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र में भी कई जगहों पर भारी बारिश रिकॉर्ड की गई।

 

यह भी पढ़ें: प्री-पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप समय पर क्यों नहीं मिलती? जानें 4 बड़ी वजहें

 

दिल्ली में उमस करेगी परेशान?

दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार और शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। हालांकि, लगातार हल्की बारिश के बावजूद हवा में नमी अधिक रहने से लोगों को उमस का सामना करना पड़ सकता है। अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम 

उत्तर प्रदेश के पूर्वी और तराई क्षेत्रों में आज हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, बहराइच, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, बलरामपुर और सिद्धार्थनगर समेत कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। अगर बिहार की बात करें तो बिहार में मॉनसून सक्रिय बना हुआ है। किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा, पश्चिम और पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी तथा मधुबनी सहित उत्तर-पूर्वी जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कुछ स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।

 

पहाड़ी राज्यों में कैसा है मौसम?

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आज भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में भारी बारिश के कारण लैंडस्लाइड और पहाड़ी रास्तों पर मलबा गिरने का खतरा बना हुआ है। जम्मू-कश्मीर में भी अलग-अलग स्थानों पर बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि, पिछले दिनों की तुलना में आज जम्मू-कश्मीर में कम बारिश होगी। 

पूर्वोत्तर भारत में जारी बारिश

पूर्वोत्तर भारत में मॉनसून सबसे अधिक सक्रिय बना हुआ है। असम में कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। लगातार बारिश के कारण असम और मेघालय के कई इलाकों में जलभराव और नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। प्रशासन भी राहत और बचाव के कार्य में लगा हुआ है।

 

यह भी पढ़ें: 'फांसी की सजा मुझे डरा नहीं सकती', प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलीं शेख हसीना 

 

ओडिशा में भी अलर्ट

पूर्वोत्तर भारत के साथ-साथ पूर्वी भारत में भी मॉनसून अपना असर दिखा रहा है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड और ओडिशा के कई हिस्सों में आज भारी बारिश की संभावना है। निचले इलाकों में पानी भरने की आशंका जताई गई है। इन राज्यों में मौसम विभाग ने भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 

 

अगर दक्षिण भारत की बात करें तो यहां केरल, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों और आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में आज बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। कोंकण और गोवा के साथ-साथ मध्य महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में भी भारी बारिश हो सकती है। इस हफ्ते कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है। 

Related Topic:#Weather Today#Rains

और पढ़ें