समय से पहले ठंड ने दी दस्तक, दिल्ली में गिरा पारा, पहाड़ों पर बर्फबारी
पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण समय से पहले ठंड ने दस्तक दे दी है। दिल्ली में शुक्रवार को तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। वहीं पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में बारिश होने की संभावना है।

सांकेतिक तस्वीर, Photo Credit: PTI
देश के कई हिस्सों में अभी हल्की बारिश हो रही है तो ठंड ने भी दस्तक दे दी है। अभी अक्टूबर का ही महीना है और पहाड़ों में बर्फबारी शुरू हो गई है। हिमालय की चोटियाँ बर्फ से ढक गई हैं। पहाड़ी इलाकों समेत दिल्ली जैसे मैदानी इलाकों में कई जगहों पर अभी से ही ठंड का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, इस साल पहाड़ो पर जल्दी बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ से चलने वाली ठंडी हवाओं के कारण उत्तर भारत में सर्दी ने समय से पहले ही दस्तक दी है। वहीं, पूर्वोत्तर भारत और दक्षिण भारत में बारिश होने की संभावना भी जताई गई है।
राजधानी दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में रात के समय ठंड होने लगी है और इस सीजन दिल्ली का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। शुक्रवार को तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस कम है और एक दिन पहले यानी गुरुवार को तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस था। आज राजधानी में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं, सर्दी के दस्तक देते ही दिल्ली में हवा की गुणवत्ता खराब होने लगी है। गुरुवार तक जहां दिल्ली की वायु गुणवत्ता संतोषजनक स्तर पर थी, शुक्रवार को वह मध्यम श्रेणी में पहुंच गई। बताया जा रहा है कि हवा की गति में गिरावट आने के कारण प्रदूषण का स्तर बढ़ा है। शनिवार से सोमवार तक वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: फतुहा विधानसभा: रामानंद यादव इस बार भी RJD को दिलाएंगे जीत?

कहां होगी बारिश?
मौसम विभाग पूर्वी और दक्षिणी भारत के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई है। असम से लेकर आंध्र प्रदेश, मेघालय, तटीय कर्नाटक, केरल, माही, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, ओडिशा और तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। पश्चिमी और उत्तरी भारत जैसे दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में फिलहाल कोई चेतावनी या अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इस सीजन के पहले चक्रवात 'चक्रवात शक्ति' का असर भी देखने को मिलेगा। चक्रवात शक्ति के असर के कारण असर से कर्नाटक और रायलसीमा में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और ओडिशा के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है।
पहाड़ों पर बर्फबारी
हिमालयी क्षेत्रों में इस बार समय से पहले बर्फबारी हुई है। जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में जहां आमतौर पर अक्टूबर के लास्ट में या नवंबर की शुरुआत में बर्फबारी होती है वहीं इस बार अक्टूबर की शुरुआत में ही बर्फ गिर चुकी, जिससे मौसम ठंडा हो चुका है। उत्तराखंड में आज मौसम में बदलाव नजर आ सकता है और कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, चमोली, बागेश्वर, केदारनाथ, हेमकुंड साहिब में हल्की बारिश की संभावना है। इन इलाकों में तापमान में गिरावट और रास्तों पर फिसलन की स्थिति देखने को मिल सकती है।
धर्मशाला में बर्फबारी से मौसम ने ली करवट! #HimachalPradesh के धर्मशाला में हुई ताज़ा बर्फबारी ने पूरे इलाके को सफेद चादर में लपेट लिया है. बर्फ से ढके पहाड़ों और शांत वातावरण ने धर्मशाला को एक पोस्टकार्ड जैसा बना दिया है.
— SansadTV (@sansad_tv) October 7, 2025
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और दूसरे पहाड़ी राज्यों में बर्फ… pic.twitter.com/m9Z6YaQIq4
हिमाचल प्रदेश में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। ऊंचे इलाकों में सुबह और रात के समय ठंड बढ़ रही है। कई जगह न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, जम्मू-कश्मीर में भी बर्फबारी शुरू हो चुकी है। गुलमर्ग के ऊपरी इलाकों में 2 और 3 अक्टूबर को पहली बर्फबारी दर्ज की गई, जिसके बाद बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी है। इसका असर मैदानी इलाकों में तापमान में तेज गिरावट के रूप में देखने को मिला है।
यूपी-बिहार में मौसम
उत्तर प्रदेश में अब बारिश का दौर समाप्त हो गया है। बारिश का सिलसिला थमने के साथ राज्य में ठंड ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के अनुसार, अयोध्या, आगरा, कानपुर, वाराणसी, मथुरा, गाजीपुर, बलिया, कुशीनगर, देवरिया जैसे जिलों में आज मौसम सामान्य ही रहेगा। हालांकि, सुबह और शाम को हवाएं चलने के कारण हल्की ठंड का एहसास होगा। वहीं बिहार में भी मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहने वाला है। बिहार में भी तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल बिहार में बारिश होने की कोई संभावना नहीं है।
यह भी पढ़ें: 7 दिनों तक भारत में रहेंगे तालिबानी मंत्री, एजेंडा क्या है?
PRESS RELEASE DT. 10.10.2025 pic.twitter.com/BDbsIJ7zP8
— मौसम केंद्र, लखनऊ - IMD Uttar-Pradesh (@CentreLucknow) October 10, 2025
मौसम विभाग ने क्या कहा?
मौसम विभाग के मुताबिक, बारिश और ठंड का यह हालिया दौर बस थोड़े समय के लिए हो सकता है। इसके बाद फिर से तापमान बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि गंगा के मैदानी इलाकों में, सर्दी अपने समय पर ही आएगी, जबकि जम्मू-कश्मीर सहित हिमालयी क्षेत्र में सर्दी एक तरह से शुरू हो चुकी है। पूर्वानुमानों के अनुसार इस बार 70 प्रतिशत संभावना है कि ज्यादा सर्दी पड़े लेकिन दिसंबर के लास्ट तक सर्दी कम हो सकती है।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap