logo

ट्रेंडिंग:

मौसम का हाल: पंजाब में बाढ़ से 37 मौत, दिल्ली-NCR में बारिश का अलर्ट

देश के कई राज्य बारिश से त्रस्त हैं। पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल को आज राहत मिलने की संभावना है तो बिहार और दिल्ली-एनसीआर में अलर्ट है। जानिए देश के मौसम का हाल।

Weather

बारिश, Photo Credit: PTI

सितंबर के पहले हफ्ते में मानसून शांत होने के बजाय अपना रौद्र रूप दिखा रहा है। हालांकि, हिमाचल, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और पंजाब के लोगों को आज यानी 5 सितंबर को बारिश से राहत मिलने वाली है। पंजाब में बाढ़ के कारण लोग परेशान हैं। अब तक 37 लोगों की मौत हो गई है। ऐसा ही कुछ हाल जम्मू-कश्मीर का भी है।  मौसम विभाग के अनुसार, इन राज्यों में बादल छाए रहेंगे लेकिन बारिश की कम संभावना है। दिल्ली और बिहार के साथ-साथ देश के अन्य कुछ हिस्सों में आज भी बारिश होने की संभावना है। 

 

पिछले कई दिनों से दिल्ली-एनसीआर में बारिश हो रही है। गुरुग्राम की सड़कों पर कई किलोमीटर लंबा जाम देखने को मिला वहीं दिल्ली में भी कई जगह ट्रैफिक जाम दिखा। हरियाणा की ओर से छोड़े गए पानी की वजह से दिल्ली के तराई इलाकों में पानी भर गया है। दिल्ली को अभी बारिश से राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने आज भी बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को आसमानी बिजली के साथ-साथ झमाझम बारिश होने की संभावना है। यमुना के आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। 

 

यह भी पढ़ें: कर्नाटक: हादसे में घायल हुए तो पहले इलाज होगा, फिर मांगे जाएंगे पैसे

पंजाब बाढ़ से त्रस्त 

नदियों में पानी बढ़ने के कारण पंजाब के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए थे। हालांकि, पंजाब के लोगों को बाढ़ के बीच आज बारिश से थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक पंजाब में बारिश की संभावना नहीं है। हांलांकि, लोगों को बाढ़ के कहर अभी भी सामना करना पड़ेगा क्योंकि जम्मू-कश्मीर में हो रही बारिश के कारण नदियों का जलस्तर कम होने की संभावना अभी कम है।

 

राज्य में करीब 1400 गांव जलमग्न हो गए हैं और अब तक बाढ़ और बारिश की वजह से 37 लोगों की मौत हो चुकी है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ की टीमें लगातार लोगों की मदद में लगी हुई है।

कश्मीर में हल्की बारिश  

जम्मू-कश्मीर में इस साल मानसून में बहुत ज्यादा नुकसान हुआ है। लगातार बारिश के कारण बादल फटने, सैलाब आने और लैंडस्लाइड के कारण कई लोगों की जान चली गई और राज्य को काफी नुकसान हो गया है। हालांकि, अब राज्य के लोगों को बारिश से थोड़ी राहत मिल सकती है लेकिन  गुलमर्ग, पहलगाम और सोनमर्ग जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने यहां हल्की से लेकर मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की है। बाढ़ से त्रस्त जम्मू-कश्मीर के लिए यह मामूली राहत भी बहुत है। 

यूपी में उमस तो बिहार में बारिश 

उत्तर प्रदेश में इस हफ्ते कम बारिश होने का अनुमान है जिसके चलते लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा। वहीं बिहार में इस पूरे महीने मानसून सक्रिय रहेगा। बिहार में आज ज्यादातर हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, पटना, दरभंगा, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, समस्तीपुर, बेगूसराय, वैशाली, सहरसा, मधेपुरा और सुपौल में बारिश के साथ-साथ आसमानी बिजली गिरने की भी संभावना है। बिहार में नदियों का जलस्तर बढ़ने के कारण कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने रहेंगे।

 

उत्तर प्रदेश के लोगों को आज उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। यूपी में आज बारिश होने की संभावना कम है जिसके कारण उमस बढ़ेगी और बढ़ता पारा भी लोगों को परेशान करेगा। हालांकि, दिल्ली से सटे नोएडा, गाजियाबाद और बागपत में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। 

 

यह भी पढ़ें: रेप पीड़िता को आरोपी के घर भेजा, दोबारा रेप हुआ, अधिकारी पर FIR दर्ज

अन्य राज्यों का हाल

उत्तराखंड में आज बारिश से राहत मिलने की संभावना है। हालांकि, नैनीताल और बागेश्वर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। लोगों से अलर्ट रहने की अपील की गई है। वहीं दूसरे पहाड़ी राज्य हिमाचल में भी बारिश से राहत मिलने की संभावना है। आज किसी भी प्रकार का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मध्य प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। रतलाम, झबुआ, अलिराजपुर, मंदसौर, नीमच, उज्जैन, धार, बड़वानी जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 

Related Topic:#Weather Today#Rains

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap