logo

ट्रेंडिंग:

उत्तरकाशी में बादल फटा, गुजरात-राजस्थान में अलर्ट, पढ़ें मौसम का हाल

देश के कुछ हिस्सों को आज बारिश से राहत मिल सकती है तो वहीं राजस्थान, गुजरात में बारिश का अलर्ट रहेगा। उत्तराखंड में बारिश की आशंका बनी रह सकती है।

Rain

बारिश, Photo Credit: PTI

इस बार मानसून शुरुआत से ही पहाड़ से लेकर मैदान तक तीखे तेवर दिखा रहा है। लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ों से लेकर मैदानों तक लोग परेशान हैं। कई जगह बादल फटने की घटनाएं सामने आई हैं तो कई इलाके बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में नौगांव बाजार के फल पट्टी में कल बादल फटने से हड़कंप मच गया। आज भी  उत्तराखंड से लेकर गुजरात राजस्थान तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले कुछ दिन और मानसून लोगों को परेशान कर सकता है।

 

उत्तरकाशी में 5 अगस्त को बादल फटना था जिसमें भयंकर तबाही मची थी। अब इसी जनपद के नौगांव बाजार के स्योरी फल पट्टी में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। कई इमारतों में पानी भर गया है। कुछ गाड़ियां भी पानी में बह गई। आज भी उत्तराखंड में अलर्ट जारी रहेगा। रविवार को देहरादून, नैनीताल और चंपावत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है और संवेदनशील इलाकों से दूर रहने के लिए कहा गया है। 

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली-एनसीआर में आज बारिश होने की संभावना है। पिछले तीन दिनों से लोगों को बारिश से तो राहत मिली लेकिन उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया था। आज दिल्ली समेत एनसीआर के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश के साथ आंधी-तूफान का भी अलर्ट है। हालांकि, दिल्ली के लिए राहत की खबर यह है कि यमुना का जलस्तर कम हो रहा है, जिससे बाढ़ का खतरा टलता हुआ नजर आ रहा है।

पंजाब-हरियाणा में कैसे हालात

पंजाब में नदियों का जलस्तर बढ़ने के कारण कई गांव जलमग्न हो गए थे। बाढ़ के कारण अब तक लगभग 13 हजार करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है। बाढ़ के कारण शनिवार तक 43 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। एक आंकडे के अनुसार पंजाब के 1948 गांव बाढ़ में डूबे हुए हैं और 3.8 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। पंजाब के लोगों को पिछले दो दिनों से बारिश से थोड़ी राहत मिली है। आज राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कम बारिश के चलते नदियों का जलस्तर कम होने की संभावना है।

 

पंजाब के साथ ही हरियाणा के लोगों को भी बारिश से थोड़ी राहत मिली है। हरियाणा में आज रविवार को ज्यादातर जिलों में मौसम साफ रहेगा। हालांकि, कल यानी 8 सितंबर को अंबाला, यमुनानगर और करनाल में येलो अलर्ट है। आज फरीदाबाद, पलवल, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, जींद, कैथल, कुरूक्षेत्र, पंचकुला में कुछ ही इलाकों में बारिश होने की संभावना है। 

गुजरात और राजस्थान में अलर्ट

राजस्थान में लगातार हो रही बारिश से अभी राज्य के लोगों को राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। मौसम विभाग ने  आज फिर से बारिश का अलर्ट जारी किया है। बाड़मेर, जालोर के साथ ही सिरोही में भी रेड अलर्ट जारी किया गया है। जोधपुर, जैसलमेर, पाली, राजसमंद, उदयपुर में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। गुजरात में भी आज बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।  गुजरात में अहमदाबाद, आनंद, अरावली, भरूच, बनासकांठा, दादर और नगर हवेली, दमन, गांधीनगर, खेड़ा, महिसागर, मेहसाना, नर्मदा, नवसारी, पंचमहल, पाटन, साबरकांठा, सूरत, तापी, वडोदरा और वलसाड जिले में भारी बारिश की संभावना है। 

अन्य राज्यों का हाल

अन्य राज्यों की बात करें तो हिमाचल को अब भारी बारिश से राहत मिलती हुई नजर आ रही है। राज्य में आज बारिश का अलर्ट नहीं है। बिहार में भी आज बारिश से राहत मिलने की संभावना है लेकिन कुछ जिलों में बिजली गिरने की संभावना है।

 

उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों को बारिश से राहत मिलेगी लेकिन दिल्ली से सटे जिलों में बारिश होने की संभावना है। पूर्वोतर में असम और मेघालय में आज बारिस की संभावना है। वहीं नागालैंड में भारी बारिश की संभावना है।

Related Topic:#Weather Today

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap