कॉकरोच जनता पार्टी
(CJP) ने शनिवार को अपने संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे को दिल्ली के जंतर मंतर पर होने वाले प्रदर्शन का नेतृत्व सौंपा है। पार्टी के संस्थापक
अभिजीत दीपके
, सौरभ दास और आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस ने एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया है। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शनकारी दिल्ली में जुट रहे हैं।
कॉकरोच जनता पार्टी ने अभिजीत दीपके का एक पहले से रिकॉर्ड वीडियो शेयर किया है। संभावित गिरफ्तारी की आशंका की वजह से पहले ही अभिजीत दीपके ने इसे शूट किया था। कॉकरोच जनता पार्टी ने कहा है कि जब तक अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरभ दास हिरासत में हैं, तब तक अंजिक्य शिंदे जंतर मंतर पर प्रदर्शन की अगुवाई करेंगे।
यह भी पढ़ें: जंतर मंतर: जिनके सिर थी आंदोलन की जिम्मेदारी, पकड़े गए, लिस्ट देखेंगे?
कौन हैं अजिंक्य शिंदे?
अंजिक्य शिंदे कॉकरोच जनता पार्टी के संगठन इंचार्ज हैं। अंजिक्य शिंदे को अब कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन को संभालने की जिम्मेदारी मिली है। वह महाराष्ट्र से हैं और अभिजीत दीपके के करीबी सहयोगी हैं। वह केंद्र सरकार के मुखर आलोचक हैं और सोशल मीडिया पर कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन को रफ्तार देते हैं। उन्हें CJP थिंकटैंक का हिस्सा माना जाता है।
संगठन की रणनीति तैयार करने में अभिजीत दीपके, सौरभ दास और आशुतोष रंका के साथ-साथ उनकी भी अहम भूमिका होती है। वह लो प्रोफाइल रहते हैं और कम चर्चा में आते हैं। अब 3 चर्चित चेहरों के पुलिस में हिरासत होने की वजह से नई जिम्मेदारी उन्हें मिली है। वही आंदोलन की रूप-रेखा तय करेंगे।
यह भी पढ़ें: 'डरी हुई है BJP, ज्ञानेश कुमार ने की है गद्दारी', प्रदर्शन पर बोले विपक्षी नेता
दिल्ली छावनी में बदल गई है
प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा कड़ी की गई है। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 65 के तहत कम से कम 1,500 लोगों को हिरासत में लिया गया है। ट्रैफिक पाबंदियां सुबह 6 बजे से लागू हो गईं। कई जगह यातायात डायवर्ट किया गया है। बैरिकेड और प्रमुख चौराहों पर पुलिसकर्मी तैनात हैं। वे वाहनों की जांच कर रहे हैं और प्रदर्शन स्थल के आसपास आवाजाही पर नजर रख रहे हैं।
कहां-कहां पुलिस ने बढ़ाई है सख्ती?
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कनॉट प्लेस, मंडी हाउस, जंतर मंतर और पटेल चौक समेत मध्य दिल्ली के कई चौराहों पर रुकावट की चेतावनी दी है। इनमें अशोका रोड-जंतर मंतर रोड गोलचक्कर, टॉलस्टॉय मार्ग-जनपथ क्रॉसिंग, जयसिंह रोड-संसद मार्ग क्रॉसिंग, रेल भवन गोलचक्कर, गोल डाकखाना और विंडसर प्लेस शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: LIVE: अभिजीत दीपके से तुषार गांधी तक हिरासत में, प्रदर्शनकारियों पर सख्ती तेज
जंतर मंतर पर प्रदर्शन की इजाजत नहीं
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। पुलिस ने कानून-व्यवस्था की चिंता और नागरिकों को असुविधा का हवाला दिया है। CJP को भेजे जवाब में पुलिस ने कहा कि पार्टी की सूचना अनुमति के लिए विधिवत दिया गया आवेदन नहीं है। पुलिस के दिशा-निर्देशों के मुताबिक जंतर मंतर पर प्रदर्शन के आवेदन कम से कम 10 दिन पहले देने होते हैं।
अधिकारियों ने पहले के प्रदर्शनों में शर्तों के उल्लंघन का भी जिक्र किया। इनमें तय समय सीमा के बाद भी प्रदर्शन जारी रखना शामिल है। अभिजीत दीपके ने दिल्ली आते समय कहा था कि वह गिरफ्तारी के लिए तैयार हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी
और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर आरोप लगाया कि वे सुरक्षा पाबंदियों के जरिए लोगों को प्रदर्शन में शामिल होने से रोक रहे हैं।