देशभर में दिवाली का त्योहार खत्म हो गया है लेकिन हिमाचल और उत्तराखंड के पहाड़ों में अभी भी जश्न की तैयारी की जा रही है। दिवाली मनाए जाने के करीब एक महीने बाद हिमाचल प्रदेश के कई पहाड़ी इलाकों में एक बार फिर दीपावली की रौनक दिखाई देगी। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मंडी, सिरमौर और शिमला जिलों के कई ग्रामीण क्षेत्रों में बूढ़ी दिवाली मनाने की परंपरा है। स्थानीय स्तर पर इसे बूढ़ी दीवाली, पुरानी दिवाली, इगास और कुछ क्षेत्रों में मंशारी के नाम से भी जाना जाता है।
इस दौरान गांवों में कई दिनों तक उत्सव आयोजित किए जाते हैं। लोग पारंपरिक कपड़ों में शामिल होते हैं और ढोल-नगाड़ों की थाप पर लोकगीतों और नृत्यों के साथ त्योहार मनाते हैं। यह परंपरा खास तौर पर उन पहाड़ी इलाकों में प्रचलित है, जहां स्थानीय पंचांग और सदियों से चली आ रही मान्यताओं के अनुसार त्योहारों का आयोजन किया जाता है।
यह भी पढ़ें: शिकायतों का समय पर नहीं किया निपटारा, बिहार में 15 अधिकारियों पर गिरी गाज
कई नामों से जाना जाता है
कुल्लू जिले में निरमंड, आनी और मनाली घाटी के कुछ क्षेत्रों में बूढ़ी दिवाली का विशेष महत्व है। निरमंड में इसे दियाउड़ी के नाम से भी जाना जाता है। वहीं मंडी जिले के कुछ ग्रामीण और ऊपरी पर्वतीय इलाकों में भी यह त्योहार मनाया जाता है। सिरमौर जिले के गिरिपार क्षेत्र के शिलाई, संगड़ाह और राजगढ़ में इसकी विशेष परंपरा है। शिमला जिले के चौपाल और आसपास के ऊपरी गांवों में भी लोग मुख्य दिवाली के करीब एक महीने बाद यह पर्व मनाते हैं। हालांकि, सभी जगह इसकी तारीख और आयोजन का तरीका एक जैसा नहीं होता। कई क्षेत्रों में कार्तिक के बाद आने वाली अमावस्या को इसका आयोजन किया जाता है।
क्यों मनाई जाती है बूढ़ी दिवाली?
बूढ़ी दिवाली मनाने के पीछे सबसे प्रचलित मान्यता भगवान राम के अयोध्या लौटने से जुड़ी है। स्थानीय लोककथाओं के अनुसार, पहाड़ी क्षेत्रों की दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और संचार के साधनों की कमी के कारण भगवान राम के वनवास से लौटने की सूचना यहां के लोगों तक देर से पहुंची थी। इसी वजह से ग्रामीणों ने मुख्य दिवाली के करीब एक महीने बाद पता चला की भगवान राम अयोध्या लौट आए हैं। यह खबर मिलने का बाद लोगों ने दीप जलाकर उत्सव मनाया।
हालांकि, कुल्लू के निरमंड में बूढ़ी दिवाली से जुड़ी एक अलग पौराणिक परंपरा भी है। यहां इंद्र और वृत्तासुर के युद्ध तथा वृत्तासुर के वध की स्मृति में उत्सव मनाने की मान्यता है। कुछ स्थानीय परंपराएं इसे दानवों के वध और महाभारत की कथाओं से भी जोड़ती हैं।
यह भी पढ़ें: 'चुनावी प्रचार से दूर रहें रिटायर्ड अधिकारी', चुनाव आयोग का आदेश
उत्तराखंड में इगास
उत्तराखंड में दिवाली के 11 दिन बाद बूढ़ी दिवाली यानी इगास बग्वाल मनाई जाती है। यह मुख्य रूप से गढ़वाल क्षेत्र का लोकपर्व है। इसे कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी यानी देवउठनी एकादशी के दिन मनाया जाता है। इसके पीछे दो प्रमुख मान्यताएं प्रचलित हैं। पहली भगवान राम के अयोध्या लौटने से जुड़ी है, जबकि दूसरी गढ़वाल के वीर योद्धा माधो सिंह भंडारी की युद्ध में विजय से संबंधित है।
माधो भंडारी की कहानी क्या है?
इगास मनाने के पीछे एक दूसरी प्रचलित मान्यता गढ़वाल के वीर योद्धा माधो सिंह भंडारी से जुड़ी है। लोककथाओं के मुताबिक, 17वीं शताब्दी में गढ़वाल के राजा महीपति शाह ने माधो सिंह भंडारी के नेतृत्व में सेना को तिब्बत की ओर युद्ध के लिए भेजा था। इसी दौरान दिवाली का त्योहार आ गया, लेकिन सेना के वापस नहीं लौटने के कारण लोगों ने दिवाली नहीं मनाई। गांवों में सैनिकों के शहीद होने की आशंका थी। करीब 11 दिन बाद माधो सिंह भंडारी अपनी सेना के साथ युद्ध जीतकर लौटे। सैनिकों की वापसी और जीत की खुशी में ग्रामीणों ने दीप जलाए और उत्सव मनाया। इस तरह इगास को विजय और वीरता से जोड़कर भी देखा जाता है। यह एक स्थानीय ऐतिहासिक लोकमान्यता है।
यह भी पढ़ें: अब गंगा में आसान होगा सफर, पटना में शुरू हुई वाटर मेट्रो सेवा
गांव में निकाले जाते हैं मशाल जुलूस
इस त्योहार का आयोजन पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार किया जाता है। कई गांवों में मशाल जुलूस निकाले जाते हैं और खुले स्थानों पर अलाव जलाकर लोग रातभर लोकगीत गाते हैं। निरमंड में इंद्र और वृत्तासुर के युद्ध का प्रतीकात्मक मंचन भी किया जाता है। सिरमौर और शिमला के कुछ क्षेत्रों में हारुल, रासा, हुड़क और नाटी जैसे लोकनृत्य किए जाते हैं। कुछ स्थानों पर रस्साकशी और महाभारत से जुड़ी पारंपरिक प्रस्तुतियां भी होती हैं। त्योहार के दौरान लोग एक-दूसरे को मूड़ा, चिऊड़ा, शाकुली और अखरोट जैसे स्थानीय खाना बांटा जाता है।