दिल्ली में
कॉकरोच जनता पार्टी
की ओर से जारी विरोध प्रदर्शन के बीच
राहुल गांधी
ने सरकार पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो शेयर कर प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी
को युवा विरोधी करार दिया है। उन्होंने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी भारत के इतिहास के सबसे युवा-विरोधी प्रधानमंत्री हैं, इतने युवा विरोधी कि एक नाकाम शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा भी नहीं ले सकते।'
आज कॉकरोच जनता पार्टी का संसद तक मार्च हुआ और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की गई। बड़ी संख्या में युवा संसद की ओर बढ़ रहे थे। लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस बीच कई जगहों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया और लाठीचार्ज भी की। इसी को लेकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है।
यह भी पढ़ें: 'तब तक जारी रहेगा, जब तक कि....', सोनम वांगचुक ने खत्म नहीं की है भूख हड़ताल
राहुल गांधी ने क्या कहा?
X पर एक वीडियो शेयर कर राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को युवा विरोधी करार देते हुए लिखा, '152 बार पेपर लीक हुए। 7.5 करोड़ छात्र इससे प्रभावित हुए। किसी भी दोषी को सजा नहीं मिली। सजा किसे मिली? मेहनती युवाओं को। जब इन बच्चों ने शिक्षा को लेकर सही सवाल उठाए, तो जवाब में उन्हें लाठियां खानी पड़ीं और हिरासत में लिया गया।'
उन्होंने कहा पेपर लीक करने वाले अपराधी आज़ाद घूम रहे हैं और सही मुद्दे उठाने वाले छात्रों को घसीटा और पीटा जा रहा है। यह सरकार न केवल युवाओं के मामले में नाकाम हो रही है, बल्कि उन पर हमला भी कर रही है।
छात्रों की मांग पर सरकार का रवैया गलत
राहुल गांधी ने वीडियो में कहा, 'दिल्ली की सड़कों पर घूम रहे लड़के लड़कियां अपराधी नहीं हैं। छात्र अपनी एक जायज मांग उठा रहे हैं और छात्रों की मांग है कि एक ऐसी शिक्षा प्रणाली हो जो उनका सम्मान करे, एक ऐसी शिक्षा प्रणाली हो जो पारदर्शी रहे। छात्रों की मांग में कोई गलती नहीं है, लेकिन जो सरकार और पुलिस कर रही है वह गलत है। छात्रों पर आंसू गैस के गोले छोड़ना और लाठी चार्ज करना भारत का तरीका नहीं है।'