दिल्ली-NCR में पिछले दो दिनों से घने कोहरे और ठंड से कुछ राहत मिली है। माना जा रहा है कि हवा की दिशा में बदलाव के कारण दिल्ली और आसपास के इलाकों के मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। हालांकि, मौसम विभाग ने शुक्रवार (26 दिसंबर) और शनिवार (27 दिसंबर) को फिर से घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, जम्मू, पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 31 दिसंबर तक, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 29 दिसंबर तक सुबह के समय घने से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं, बिहार में 26 से 28 दिसंबर के दौरान रात और सुबह के घंटों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है।
यह भी पढ़ें- अब याद आया 'आटे-चावल' का भाव, बांग्लादेश क्यों दे रहा अच्छे रिश्तों की दुहाई?
दिल्ली का हाल
बुधवार (24 दिसंबर) की सुबह दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिला जबकि कुछ जगहों पर घना कोहरा छाया रहा। सुबह करीब 6 बजे IGI एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी घटकर 100 मीटर तक रह गई थी। हालांकि, जैसे-जैसे दिन चढ़ा, विजिबिलिटी में सुधार हुआ। पूरे दिन आसमान साफ रहा और तेज धूप निकली, जिससे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा था, जबकि न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक रहा।

शीतलहर की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड में 26 दिसंबर तक कुछ स्थानों पर शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। बिहार के विभिन्न इलाकों में 28 दिसंबर तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 दिसंबर तक शीतलहर चलने की संभावना है। वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में 26 और 27 दिसंबर 2025 को भी शीतलहर का असर देखने को मिल सकता है।
यह भी पढ़ें-कौन हैं देश की दो नई एयरलाइंस अलहिंद और फ्लाईएक्सप्रेस के मालिक?
कोहरे की वजह से यातायात पर असर

कोहरे के कारण 24 दिसंबर को दिल्ली की कई उड़ानें प्रभावित रहीं। यात्रियों को सलाह दी गई कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर जांच लें। इंडिगो और स्पाइसजेट सहित कई एयरलाइंस ने अलर्ट जारी किया है कि दिल्ली, अमृतसर, जम्मू, पटना समेत कई शहरों की उड़ानें कोहरे की वजह से देरी से चल रही हैं। इसके अलावा, दिल्ली और पटना सहित उत्तर भारत के कई इलाकों में ट्रेनें भी कई घंटों की देरी से चल रही हैं।