logo

मूड

ट्रेंडिंग:

इंडिया ब्लॉक की 23 पार्टियों की बैठक, AAP और DMK ने क्यों बनाई दूरी?

आम आदमी पार्टी खुद को इंडिया ब्लॉक का हिस्सा बताने से बचती रही है, DMK कांग्रेस के 'धोखे' से आहत है, जो उसे तमिलनाडु में मिला है।

India Block Leaders

इंडिया गठबंधन के नेता। फाइल फोटो। Photo Credit: PTI

पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) से मिली हार के बाद ममता बनर्जी को इंडिया ब्लॉक की याद आई है। विपक्ष अब 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस' को फिर से एकजुट करने की कवायद में जुट गया है। असम, पश्चिम बंगाल, पुडुचेरी और तमिलनाडु में इंडिया ब्लॉक को मिली हार के बाद यह बैठक हो रही है, दिलचस्प बात यह है कि इस ब्लॉक की कवायद करने वाले एमके स्टालिन की पार्टी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) इस बैठक में हिस्सा नहीं ले रही है।


इंडिया ब्लॉक में रहकर भी कांग्रेस के खिलाफ चुनाव लड़ने वाली आम आदमी पार्टी ने भी दूरी बनाई है। विपक्ष के दूसरे धड़े, दिल्ली में जुट रहे हैं। गठबंधन में चल रही असहमति को दूर कर बीजेपी के खिलाफ नई रणनीति बनाने पर चर्चा होने की तैयारी है।

यह भी पढ़ें: कांग्रेस के धोखे से आहत DMK ने त्याग दिया इंडिया गठबंधन, मगर इनको देगी समर्थन

बैठक का एजेंडा क्या है?

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि बैठक में देश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा होगी। सरकार की तानाशाही रवैये, छात्रों की समस्याओं और कई अन्य मुद्दों पर विपक्षी दल बात करेंगे। बैठक का पूरा एजेंडा बैठक के बाद बताया जाएगा।

DMK और AAP ने दूरी क्यों बनाई है?

DMK और आम आदमी पार्टी इस बैठक में शामिल नहीं होंगे। बैठक दोपहर में कांस्टीट्यूशन क्लब में होगी। TMC प्रमुख और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी रविवार को दिल्ली पहुंच गई हैं। बैठक में वह 2029 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को घेरने के लिए आक्रामक प्रस्ताव रख सकती हैं। TMC की हालिया चुनावी हार के बाद पार्टी में आंतरिक कलह बढ़ गई है। 

ममता बनर्जी, अब किस उम्मीद में हैं?

ममता बनर्जी दिल्ली में AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल से भी मिलीं। दोनों नेताओं ने भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने बताया कि 23 पार्टियां बैठक में शामिल होंगी। कुछ पार्टियां अपनी वजह से नहीं आ सकीं, लेकिन वे मोदी सरकार की नीतियों का विरोध करती हैं। 

यह भी पढ़ें: TMC की टूट, DMK से अलगाव, संसद में बंपर बहुमत हासिल कर लेगी मोदी सरकार?

बैठक पर क्या कह रहे हैं विपक्षी नेता?

विपक्षी नेताओं का कहना है कि INDIA गठबंधन विविधता के बावजूद एकजुट है। TMC नेता डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि बैठक के बाद विपक्षी दल न्यायपालिका से भी अपील कर सकते हैं। CPI नेता डी राजा ने कहा कि बैठक का एजेंडा अभी पूरी तरह साफ नहीं है। हर पार्टी अपने मुद्दे बैठक में रखेगी। वहीं, बीजेपी सांसदों ने INDIA गठबंधन पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन सिर्फ चुनाव या हार के समय ही एकजुट होता है।

AAP और DMK दूर क्यों?

तमिलनाडु में इंडिया गठबंधन कांग्रेस के रुख की वजह से टूटा है। कांग्रेस ने तमिलगा वेत्री कड़गम को समर्थन दिया है, जबकि वह द्रविड़ मुनेत्र कड़गम के साथ मिलकर चुनावों में उतरी थी। दूसरी तरफ AAP का रुख, कभी इंडिया गठबंधन के साथ नहीं रहा है। दिल्ली और हरियाणा में गठबंधन की कवायदों के बाद भी कभी कांग्रेस और AAP में गठबंधन नहीं हो पाया। AAP की नींव ही कांग्रेस के खिलाफ पड़ा है, ऐसे में AAP इंडिया गठबंधन में टिकना मुश्किल तो है। 


और पढ़ें