उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने चुनावी एजेंडे को धार देना शुरू कर दिया है। राजधानी लखनऊ में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बड़ा एलान करते हुए कहा कि 2027 में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनने पर उत्तर प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की जाएगी। शाह ने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए दावा किया कि यूपी में बीजेपी को सत्ता से कोई नहीं हटा सकता। इस दौरान उन्होंने 30 अक्टूबर 1990 को अयोध्या में रामभक्तों पर हुई गोलीबारी की घटना का जिक्र करते हुए सपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उस समय रामभक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं, जबकि बीजेपी ने राम मंदिर का निर्माण कराया है।
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए अमित शाह ने 30 अक्टूबर 1990 की घटना याद दिलाई। उन्होंने कहा कि आज ही के दिन अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं। सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने सवाल किया कि आखिर किस मुंह से वह उत्तर प्रदेश में फिर सरकार बनाने की बात करती है। आपने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं और हमने राम मंदिर बनवा दिया। शाह ने कहा कि जनता तीसरी पीढ़ी तक को माफ नहीं करेगी। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने सरकार की चिंता किए बिना विवादित ढांचे को ध्वस्त कराया था।
यह भी पढ़ें: बदायूं-बरेली में BJP को चुनौती, सपा में दिग्गजों की एंट्री से बदले समीकरण
तीसरी बार सरकार बनी तो यूपी में लागू होगा UCC
अमित शाह ने अपने संबोधन में समान नागरिक संहिता को लेकर बीजेपी का चुनावी संकल्प भी सामने रखा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर बीजेपी की सरकार बनने जा रही है और इसमें कोई दुविधा नहीं है। कार्यकर्ताओं से उन्होंने अपील की कि तीसरी बार सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से जुट जाएं। शाह ने स्पष्ट कहा कि यूपी में तीसरी बार सरकार बना दीजिए, यहां भी समान नागरिक संहिता लागू कर दी जाएगी। इस एलान के साथ ही यूसीसी 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के प्रमुख मुद्दों में शामिल होता दिखाई दे रहा है।
गृह मंत्री ने सपा और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव में हारने के बाद दोनों दल अंपायर पर आरोप लगा रहे हैं और वोट चोरी की बात कर रहे हैं। शाह ने विपक्ष को संसद में चर्चा की चुनौती देते हुए कहा कि बीजेपी हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि विशेष सत्र बुलाकर चर्चा कर लीजिए, हम एक-एक बात का जवाब देने को तैयार हैं।
माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई को बताया उपलब्धि
अमित शाह ने मुख्यमंत्री
योगी आदित्यनाथ
के नेतृत्व वाली सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि योगी ने कठोर शासन देकर उत्तर प्रदेश को माफियाओं से मुक्त किया है। उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव के लिए कमर कसने का आह्वान किया। शाह ने कहा कि कार्यकर्ताओं की नजर अर्जुन की तरह लक्ष्य पर होनी चाहिए। पार्टी को तीसरी बार सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से काम करना है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी को कोई हिला नहीं सकता और सरकार फिर पार्टी की ही बनेगी। अपने संबोधन में अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में बीजेपी के पुराने चुनावी प्रदर्शन का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि 2014 में प्रदेश में पार्टी की स्थिति बेहद कमजोर थी और उसके पास केवल 44 विधायक थे। उस समय वह खुद तहसील स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए गए थे। संगठन को मजबूत करने के बाद पार्टी ने 2014 के लोकसभा चुनाव में 41 प्रतिशत वोट हासिल कर 73 सीटें जीती थीं। शाह ने 2017 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी ने करीब 40 प्रतिशत वोट के साथ 312 सीटों पर जीत दर्ज की थी। उन्होंने नोटबंदी का जिक्र करते हुए
अखिलेश यादव
पर भी निशाना साधा।
2027 में लिखेंगे जीत का नया अध्याय
बैठक के स्वागत भाषण में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक केवल औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि संगठन की ताकत का मूल्यांकन करने, सरकार की उपलब्धियों की समीक्षा करने और भविष्य की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के कार्यकर्ता 2027 के महासंग्राम में जीत का नया अध्याय लिखने के संकल्प के साथ जुटे हैं। पार्टी का लक्ष्य उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ लगातार तीसरी बार सरकार बनाना है।
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक तीन सत्रों में आयोजित की जा रही है। दूसरे सत्र में राजनीतिक एजेंडे, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा होगी। जिन क्षेत्रों और बूथों पर पार्टी की स्थिति कमजोर है, वहां संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। बैठक में केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, गरीब कल्याण, सुशासन और सरकार के प्रमुख फैसलों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति भी तैयार की जाएगी।
यह भी पढ़ें: BJP, सपा या BSP, 2027 में किसके साथ जाएगा वाल्मीकि समाज?
जहां कमजोर, वहां ज्यादा जोर का मंत्र
कार्यसमिति की तैयारियों को लेकर प्रदेश बीजेपी मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अध्यक्षता में पदाधिकारियों की बैठक भी हुई थी। इसमें प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, प्रदेश सह-प्रभारी मेधा कुलकर्णी, अनंत ओझा और प्रदीप वर्मा मौजूद रहे। बैठक में आयोजन की व्यवस्थाओं के साथ राजनीतिक एजेंडे को अंतिम रूप दिया गया। पंकज चौधरी ने कहा कि पार्टी का मंत्र है कि जहां संगठन कमजोर है, वहां ज्यादा जोर लगाया जाए।
इसके लिए बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारी देने पर ध्यान दिया जाएगा। वहीं, धर्मपाल सिंह ने कहा कि आयोजन को ऐतिहासिक, अनुशासित और व्यवस्थित बनाने के लिए टीमवर्क और माइक्रो मैनेजमेंट के साथ काम करना होगा।