उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार को सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की 'बहुजन स्वराज संकल्प महारैली' हुई। इसमें AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद एक साथ मंच पर नजर आए। संविधान दिवस के मौके पर रमाबाई अंबेडकर मैदान में हुई इस रैली में ओवैसी ने अपने गठबंधन को लेकर विरोधियों पर तंज कसा। गठबंधन की घोषणा के बाद दोनों दलों के शक्तिप्रदर्शन के रूप में भी इसे देखा जा रहा है।
इस रैली में ओवैसी ने अपने विरोधियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, 'किसी ने कहा कि यह दाढ़ी वाले और मूंछ वाले लोगों का गठबंधन है। और हकीकत में ऐसा ही है।' इसके बाद उन्होंने क्लीन शेव चेहरे और दूसरे क्लीन शेव सिर वाले नेता यानी सीएम
योगी आदित्यनाथ
और पूर्व सीएम
अखिलेश यादव
पर हमला किया। उन्होंने कहा ना क्लिन शेव चेहरे वाला सीएम बनेगा और ना ही क्लिन सिर वाला सीएम बनेगा।
यह भी पढ़ें: UP विधानसभा चुनावों के लिए सपा का घोषणापत्र जारी, पढ़ें क्या-क्या एलान किया?
चंद्रशेखर को CM बनाने का ऐलान
ओवैसी ने रैली में चंद्रशेखर आजाद को उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद का चेहरा बताया। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश में गरीबों, शोषितों और वंचितों की सरकार बननी है तो उसका नेतृत्व चंद्रशेखर आजाद करेंगे। ओवैसी ने कहा कि यह गठबंधन किसी एक जाति की सरकार बनाने के लिए नहीं, बल्कि सभी वर्गों को साथ लेकर चलने के लिए बनाया गया है। उन्होंने लोगों से 2027 के विधानसभा चुनाव में मोर्चे का समर्थन करने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने चंद्रशेखर के साथ गठबंधन करने के सवाल पर कहा कि जिस पर दिल आ जाए तो क्या करें।
BJP और सपा पर साधा निशाना
ओवैसी ने बीजेपी और समाजवादी पार्टी दोनों को निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी और सपा ने मुसलमानों को उनका राजनीतिक हक नहीं दिया। ओवैसी ने अखिलेश यादव से सवाल किया कि वह करहल से किसी मुस्लिम उम्मीदवार को टिकट क्यों नहीं देते? उन्होंने कहा कि मुसलमानों से वोट तो मांगे जाते हैं, लेकिन उन्हें सत्ता और राजनीति में उचित हिस्सेदारी नहीं मिलती। ओवैसी ने कहा कि अब मुस्लिम समाज को सिर्फ वोट बैंक बनकर नहीं रहना चाहिए।
ओवैसी ने लोगों से सपा और बीजेपी दोनों से अलग राजनीतिक विकल्प चुनने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा शिक्षा, रोजगार, किसानों की समस्याओं और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर काम करेगा। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी एकजुटता से उत्तर प्रदेश में नई सरकार बनाने का लक्ष्य पूरा किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: पिता बनने पर मिलेगी 15 दिन की पैटरनिटी लीव, तमिलनाडु सरकार का फैसला
गठबंधन में लडेंगे चुनाव
सामाजिक परिवर्तन मोर्चा में AIMIM और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) शामिल हैं। इन दोनों पार्टियों ने 12 नवंबर को गठबंधन का ऐलान किया था। मोर्चे ने उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही है। चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है। गठबंधन का कहना है कि वह दलित, मुस्लिम, पिछड़े और दूसरे वंचित वर्गों को राजनीतिक हिस्सेदारी दिलाने के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगा।